भारत भाग्य विधाता शो का प्रोमो बैनर, जिसमें शो के एंकर Vivek Pathak की तस्वीर दिखाई गई है। इसका प्रसारण सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे Bharat Update पर होता है।

महंगी चीनी ने बिगाड़ा रक्षाबंधन का स्वाद: दिल्ली-NCR में मिठाई के दाम बढ़े, 500 वाली मिठाई 700 रुपये पार

रक्षाबंधन से पहले दिल्ली-NCR के मिठाई बाजार पर महंगाई का असर साफ दिखाई देने लगा है। चीनी की कीमतों में अचानक आए उछाल ने मिठाई कारोबारियों की लागत बढ़ा दी है।
दिल्ली-NCR
रक्षाबंधन पर महंगी हुई मिठाई, दिल्ली-NCR में बढ़े दाम, ₹500 वाली मिठाई ₹700 के पार

नई दिल्ली: रक्षाबंधन से पहले दिल्ली-NCR के मिठाई बाजार पर महंगाई का असर साफ दिखाई देने लगा है। चीनी की कीमतों में अचानक आए उछाल ने मिठाई कारोबारियों की लागत बढ़ा दी है। इसका असर अब मिठाइयों की कीमतों पर भी नजर आने लगा है। कुछ दुकानदारों ने दाम बढ़ा दिए हैं, जबकि कई कारोबारी त्योहारी सीजन को देखते हुए फिलहाल पुराने भाव पर ही मिठाई बेच रहे हैं।

कारोबारियों का कहना है कि चीनी के अलावा दूध, पनीर, मेवा, वनस्पति, घी और अन्य कच्चे माल की कीमतें पहले से ही ऊंची हैं। ऐसे में उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही है।

4900 से बढ़कर 7000 रुपये क्विंटल तक पहुंची चीनी

मिठाई कारोबारियों के मुताबिक, कुछ समय पहले तक थोक बाजार में चीनी करीब 4900 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर मिल रही थी। अब इसकी कीमत बढ़कर करीब 6600 से 7000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है।

कम समय में हुई इस तेज बढ़ोतरी ने मिठाई कारोबारियों की लागत पर सीधा असर डाला है। हालांकि, त्योहार के दौरान ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े, इसलिए सभी दुकानदारों ने कीमतें नहीं बढ़ाई हैं।

जनकपुरी में कुछ मिठाइयां हुईं महंगी

पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी स्थित एक मिठाई कारोबारी के मुताबिक, चीनी समेत अन्य कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण कुछ मिठाइयों के दाम करीब 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़ाए गए हैं।

मौजूदा कीमतों के अनुसार काजू बर्फी करीब 1000 रुपये किलो, काजू रोल 1100 रुपये किलो और काजू चॉकलेट बर्फी, काजू केसर व काजू रोज जैसी मिठाइयां करीब 1200 रुपये किलो तक बिक रही हैं।

वहीं, चॉकलेट रोल और कुछ विशेष मिठाइयों की कीमत करीब 600 रुपये किलो, लच्छा ड्राई फ्रूट लड्डू 740 रुपये और ड्राई फ्रूट लड्डू करीब 1200 रुपये किलो तक बताई गई है।

डालडा मोतीचूर लड्डू करीब 300 रुपये किलो, जबकि देसी घी के लड्डू और पतीसा करीब 500 रुपये किलो में मिल रहे हैं।

रसमलाई से रसगुल्ले तक बढ़ा खर्च

त्योहार के दौरान दूध से बनी मिठाइयों की कीमत भी ग्राहकों के बजट पर असर डाल रही है। कुछ दुकानों पर रसमलाई 45 रुपये प्रति पीस, रबड़ी रसमलाई 55 रुपये, रसगुल्ला 25 रुपये और राजभोग 35 रुपये प्रति पीस तक बिक रहा है।

इसके अलावा चॉकलेट बर्फी और स्पेशल कलाकंद करीब 600 रुपये, मिल्क केक और डोडा बर्फी 520 रुपये, चना बर्फी 640 रुपये, पिस्ता बर्फी 580 रुपये और प्लेन बर्फी करीब 560 रुपये किलो के आसपास है।

कुछ कारोबारियों ने नहीं बढ़ाए दाम

उत्तम नगर के एक बड़े मिठाई कारोबारी ने बताया कि चीनी की कीमत में तेज उछाल के बावजूद उनकी संस्था ने फिलहाल मिठाइयों के दाम नहीं बढ़ाए हैं।

कारोबारी के मुताबिक, रक्षाबंधन के मौके पर अचानक कीमत बढ़ाने से ग्राहकों पर सीधा असर पड़ेगा। उनका कहना है कि पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने के बाद कुछ उत्पादों की कीमतों में करीब 8 से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी।

फिलहाल त्योहार तक कीमतों को स्थिर रखने की कोशिश की जा रही है। त्योहार के करीब 10 से 15 दिन बाद बाजार की स्थिति की समीक्षा करके आगे का फैसला लिया जाएगा।

बीकानेर मिठाई वाला भी पुराने भाव पर कायम

दिल्ली में मिठाई कारोबार से जुड़े एक अन्य कारोबारी ने भी फिलहाल कीमतें बढ़ाने से इनकार किया है। उनका कहना है कि रक्षाबंधन के दौरान अचानक दाम बढ़ाना ग्राहकों के भरोसे के लिहाज से सही नहीं होगा।

उनके मुताबिक, चीनी की बढ़ी लागत का कुछ हिस्सा फिलहाल कारोबारी स्तर पर ही वहन किया जा रहा है। बाजार की स्थिति को देखते हुए बाद में कीमतों में बदलाव किया जा सकता है।

कुछ दुकानों पर 10-12 फीसदी तक बढ़े दाम

वहीं, पश्चिमी दिल्ली के एक अन्य मिठाई कारोबारी ने बताया कि उनकी दुकान पर करीब 10 से 12 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं

उनका कहना है कि उत्पादन स्तर पर ही मिठाइयां बढ़ी हुई कीमत पर मिल रही हैं। ऐसे में लागत का असर थोक और खुदरा दोनों बाजारों में दिखाई दे रहा है।

हालांकि, त्योहारी सीजन में बिक्री पर बढ़ी कीमतों का कितना असर पड़ा, इसका सही आकलन रक्षाबंधन के बाद ही हो सकेगा।

रक्षाबंधन के प्री-ऑर्डर में करीब 10 फीसदी कमी

कारोबारियों के मुताबिक, इस बार रक्षाबंधन के लिए मिठाइयों के प्री-ऑर्डर में करीब 10 प्रतिशत की कमी देखने को मिल रही है। सामान्य बिक्री की तुलना में मौजूदा कारोबार करीब 80 से 85 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

काजू कतली, सूखी मिठाई, बर्फी और सोनपापड़ी की मांग अब भी बनी हुई है, लेकिन बढ़ती कीमतों के कारण ग्राहक खरीदारी का बजट कम कर रहे हैं।

500 रुपये की मिठाई के लिए अब 650-700 रुपये

कारोबारियों का कहना है कि पहले जहां 500 रुपये के बजट में जितनी मिठाई खरीदी जा सकती थी, अब उसी खरीदारी के लिए करीब 650 से 700 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

बढ़ती लागत का असर सिर्फ ग्राहकों पर ही नहीं बल्कि दुकानदारों के मुनाफे पर भी पड़ रहा है। कई कारोबारी कीमत बढ़ाने के बजाय फिलहाल अपना मार्जिन कम करके बिक्री जारी रखे हुए हैं।

चॉकलेट गिफ्ट पैक भी बन रहे विकल्प

मिठाइयों की बढ़ती कीमत के बीच कुछ ग्राहक रक्षाबंधन पर पारंपरिक मिठाइयों के बजाय चॉकलेट गिफ्ट पैक का विकल्प भी चुन रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक, चॉकलेट के गिफ्ट पैक की मांग में भी इजाफा देखने को मिल रहा है।

हालांकि, रक्षाबंधन पर मिठाई की पारंपरिक मांग अब भी मजबूत है और त्योहार के दौरान मिठाई बाजार में खरीदारी जारी रहने की उम्मीद है।

ग्राहकों पर भी महंगाई का असर

मिठाई खरीदने पहुंची एक ग्राहक ने कहा कि चीनी महंगी होने के बाद मिठाई के दाम बढ़ना समझ में आता है, लेकिन रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर इसका सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ता है।

एक अन्य ग्राहक ने अचानक बढ़ी चीनी की कीमतों पर चिंता जताते हुए कहा कि त्योहार के समय इस तरह की महंगाई से आम लोगों का बजट बिगड़ जाता है। उन्होंने सरकार से जमाखोरी और कीमतों में अचानक होने वाली बढ़ोतरी पर निगरानी रखने की मांग की।

त्योहार के बाद साफ होगी बाजार की तस्वीर

दिल्ली-NCR के मिठाई बाजार में फिलहाल अलग-अलग तस्वीर देखने को मिल रही है। कुछ दुकानदारों ने बढ़ी लागत के कारण कीमतें बढ़ा दी हैं, जबकि कई कारोबारी ग्राहकों और त्योहारी बिक्री को देखते हुए पुराने भाव पर ही मिठाई बेच रहे हैं।

अब रक्षाबंधन के बाद चीनी और दूसरे कच्चे माल की कीमतें किस स्तर पर रहती हैं, इसी से मिठाई बाजार की अगली दिशा तय होगी। अगर कच्चे माल की लागत ऊंची बनी रहती है तो आने वाले दिनों में मिठाइयों की कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

संबंधित खबरें

नेपाल में तबाही के बाद अभी टला नहीं खतरा, चीन ने जारी किया अलर्ट, अगले 3 दिन बेहद अहम

Happy Raksha Bandhan 2026: कच्चे धागों में सिमटा भाई-बहन का प्यार, अपनों को भेजें ये दिल छू लेने वाले मैसेज

महंगी चीनी ने बिगाड़ा रक्षाबंधन का स्वाद: दिल्ली-NCR में मिठाई के दाम बढ़े, 500 वाली मिठाई 700 रुपये पार

Australia U19 के खिलाफ Team India का ऐलान, जाने किन क्रिकेटरों के बेटों की हुई एंट्री, देखें पूरी LIST

कानपुर में गंगा बैराज के पास क्रैश हुआ ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट, इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौत

Recommended Stories

नेपाल में तबाही के बाद अभी टला नहीं खतरा, चीन ने जारी किया अलर्ट, अगले 3 दिन बेहद अहम

Happy Raksha Bandhan 2026: कच्चे धागों में सिमटा भाई-बहन का प्यार, अपनों को भेजें ये दिल छू लेने वाले मैसेज

महंगी चीनी ने बिगाड़ा रक्षाबंधन का स्वाद: दिल्ली-NCR में मिठाई के दाम बढ़े, 500 वाली मिठाई 700 रुपये पार

Australia U19 के खिलाफ Team India का ऐलान, जाने किन क्रिकेटरों के बेटों की हुई एंट्री, देखें पूरी LIST

कानपुर में गंगा बैराज के पास क्रैश हुआ ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट, इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौत