मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में आयोजित हो रहे BRICS समिट को लेकर कहा कि यह सम्मेलन नए भारत की तस्वीर और उसकी बढ़ती वैश्विक ताकत का दर्शन कराता है। उन्होंने कहा कि 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में हो रहा BRICS समिट भारत की बदलती भूमिका और वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है।
‘भारत अब पिछलग्गू राष्ट्र नहीं, एक ताकत’
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। साल 2014 से अब तक की यात्रा में प्रधानमंत्री ने देश को एक नया विजन दिया है। आज भारत दुनिया में किसी के पीछे चलने वाला देश नहीं, बल्कि एक प्रभावशाली वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की टॉप फाइव इकोनॉमी में शामिल हुआ है। इसके अलावा G20 के सफल आयोजन के जरिए भारत ने दुनिया के सामने अपनी क्षमता और नए दृष्टिकोण का परिचय दिया।
PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का जिक्र
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रधानमंत्री ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए और योजनाएं बनाई, जिनका असर और क्रियान्वयन पूरी दुनिया ने देखा है।
योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, BRICS जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच नए भारत की इसी बदलती तस्वीर और बढ़ती वैश्विक भूमिका को सामने रखते हैं।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर सीएम योगी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे एक महीने ‘सेवा दिवस’ के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री के कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
कोरोना काल का भी किया जिक्र
सीएम योगी ने कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि जिस वैक्सीन को भारत आने में करीब 100 साल लगे थे, कोरोना के समय वैक्सीन एक महीने में उपलब्ध करा दी गई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 80 करोड़ लोगों को राशन, 12 करोड़ शौचालय और 3 करोड़ बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का काम किया है।
पंकज चौधरी बोले- 12 साल में लिए कई बड़े फैसले
वहीं कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं। इनमें अनुच्छेद 370 हटाना और तीन तलाक जैसे महत्वपूर्ण फैसले शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में उत्तर प्रदेश ने बेहतर काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को लेकर प्रदेश में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।