आजमगढ़: उत्तर प्रदेश ATS ने शनिवार को आजमगढ़ से मोहम्मद नबील नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ATS के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के जरिए प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रहा था। जांच में उसके पाकिस्तान समेत दूसरे देशों में जाकर आतंकी गतिविधियों के लिए ट्रेनिंग लेने की कथित योजना का भी खुलासा हुआ है।
ATS को इनपुट मिला था कि मोहम्मद नबील सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर अन्य लोगों के साथ मिलकर भारत विरोधी गतिविधियों की साजिश रच रहा है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी युवाओं को व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करने और कथित तौर पर मुजाहिद बनाने की योजना पर काम कर रहा था।
ATS के मुताबिक, नबील अल-कायदा के आतंकी अनवर अल-अवलाकी की विचारधारा से प्रभावित था। वह युवाओं को अपने साथ जोड़ने, आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने और हथियारों की ट्रेनिंग लेने की योजना बना रहा था। उसके बनाए या जिन ग्रुप्स में वह शामिल था, उनमें जम्मू-कश्मीर के युवाओं के अलावा दूसरे देशों के लोग भी शामिल बताए गए हैं।
जांच में सामने आया कि नबील ने अरबी नाम ‘ला गालिब-इल्लल्लाह’ से एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया था। ATS के अनुसार, इस ग्रुप में सदस्यों को ‘मुजाहिद’ कहकर संबोधित किया जाता था। कथित तौर पर जिहाद, चाकू, केमिकल और प्लान जैसे शब्दों के लिए अलग-अलग कोडवर्ड का इस्तेमाल किया जाता था।
ATS का दावा है कि नबील ने इस ग्रुप में अल-कायदा आतंकी अनवर अल-अवलाकी की किताब ‘जिहाद करने के 44 तरीके’ शेयर की थी और ग्रुप के सदस्यों से इसे पढ़ने की अपील की थी। इसके अलावा AQIS के पूर्व प्रमुख और आतंकी मौलाना आसिम उमर की किताब ‘तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल’ भी शेयर किए जाने की बात सामने आई है।
जांच एजेंसी के अनुसार, नबील ‘Flames of War’ समेत कई अन्य व्हाट्सऐप ग्रुप्स से भी जुड़ा था। इन ग्रुप्स में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत अलग-अलग देशों के लोगों के शामिल होने की बात कही गई है। ATS का आरोप है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर अल-कायदा की विचारधारा का प्रचार किया जा रहा था।
ATS के मुताबिक, नबील ने पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों की ट्रेनिंग लेने और विस्फोटक तैयार करने से जुड़ी योजना बनाई थी। जांच में बम बनाने से संबंधित वीडियो और कुछ रसायनों की व्यवस्था को लेकर कथित बातचीत सामने आने का भी दावा किया गया है।
ATS का कहना है कि नबील अपने साथियों के साथ पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत में ‘गजवा-ए-हिंद’ की योजना को लेकर भी चर्चा कर रहा था। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले भी UP ATS ने कानपुर से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया था, जिनके पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका जताई गई थी।