नई दिल्ली: दिल्ली के आरके पुरम इलाके में एक सड़क हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक कार बाइक को टक्कर मारने के बाद उसे कई मीटर तक घसीटती हुई दिखाई दे रही है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने 73 वर्षीय कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा 17 सितंबर की रात करीब 10 बजे अफ्रीका एवेन्यू रोड पर हुआ। यह सड़क भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाती है। मुनिरका गांव के रहने वाले 21 वर्षीय तनीष टोकस सड़क किनारे अपनी बाइक पर बैठे थे। इसी दौरान वसंत कुंज निवासी 73 वर्षीय वेणु गोपाल की नीले रंग की कार ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक को घसीटती रही कार
टक्कर लगते ही तनीष बाइक से नीचे गिर गए। इसके बाद कार बाइक को अपने साथ घसीटते हुए आगे बढ़ती रही। पुलिस ने साफ किया है कि तनीष कार के साथ नहीं घसीटे गए थे। मेडिकल जांच में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं मिली।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में कार के नीचे फंसी बाइक को सड़क पर घसीटते हुए देखा जा सकता है। आसपास मौजूद लोगों ने कार को रुकवाया और चालक को बाहर निकालकर उससे सवाल किए।
लोगों ने चालक को घेरा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी चालक को घेर लिया। वायरल वीडियो में वेणु गोपाल लोगों से माफी मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक महिला उन्हें थप्पड़ मारती हुई भी नजर आती है। इसके बाद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने कार जब्त कर चालक को किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस को हादसे की सूचना रात करीब 10:22 बजे मिली। पुलिस ने आरके पुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(a) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक वेणु गोपाल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चालक का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया था। जांच में उसके शरीर में शराब नहीं मिली। फिलहाल पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।