लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने देर रात 34 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में 14 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को भी बदला गया है। यह बदलाव 21 सितंबर की देर रात किया गया, जिसकी जानकारी 22 सितंबर को सामने आई।
जिन 14 जिलों में नए जिलाधिकारी तैनात किए गए हैं, उनमें मुरादाबाद, हरदोई, एटा, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, अमेठी, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर शामिल हैं।
किन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी?
तबादला सूची के मुताबिक अनुनय झा को हरदोई से हटाकर मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि राहुल पांडेय को विशेष सचिव राज्य कर के पद से हटाकर हरदोई का DM नियुक्त किया गया है।
एम. अरुन्मोली को आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और संभागीय खाद्य नियंत्रक आगरा के पद से हटाकर एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं संजय चौहान, जो अमेठी के DM थे, अब कुशीनगर के जिलाधिकारी होंगे।
कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र तंवर को अब कानपुर नगर का DM बनाया गया है। वहीं गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे अनुज मलिक को संतकबीरनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
आलोक कुमार, जो संतकबीरनगर के जिलाधिकारी थे, अब पीलीभीत की जिम्मेदारी संभालेंगे। पीलीभीत के DM ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया का जिलाधिकारी बनाया गया है।
अमेठी और बागपत में भी बदलाव
इन तबादलों में अमेठी और बागपत भी शामिल हैं।
- शशांक चौधरी को इन्वेस्ट यूपी और यूपीईडा में जिम्मेदारी से हटाकर अमेठी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
- वहीं दिव्यांशु पटेल, जो मुरादाबाद नगर आयुक्त के पद पर थे, अब बागपत के जिलाधिकारी होंगे।
- प्रभास कुमार को विशेष सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति और संयुक्त प्रबंध निदेशक जल निगम ग्रामीण के पद से हटाकर महोबा का DM बनाया गया है।
- इसके अलावा उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी और सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का DM बनाया गया है। अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की भी जिम्मेदारियां बदलीं
IAS ट्रांसफर लिस्ट में सिर्फ जिलाधिकारियों के बदलाव तक सीमित नहीं है। कई वरिष्ठ अधिकारियों को विकास प्राधिकरण, औद्योगिक विकास और दूसरे महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
- हिमांशु कौशिक को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर मुरादाबाद का नगर आयुक्त बनाया गया है।
- वहीं विजय कुमार सिंह को देवरिया के मुख्य राजस्व अधिकारी पद से मिर्जापुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। संतोष बहादुर सिंह को मैनपुरी का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
- विशाल कुमार को मिर्जापुर के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
यूपीडा और इन्वेस्ट यूपी में भी बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत शैलेंद्र भाटिया को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण से हटाकर यूपीडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। गजल भारद्वाज, जो महोबा की जिलाधिकारी थीं, को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी इन्वेस्ट यूपी की जिम्मेदारी दी गई है।वहीं नितिन मदान को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।जसजीत कौर, जो बिजनौर की DM थीं, अब उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक कॉरपोरेशन की प्रबंध निदेशक होंगी। वहीं जितेंद्र प्रताप सिंह, जो कानपुर नगर के जिलाधिकारी थे, को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है।
PCS से IAS बने अधिकारियों को भी मिली तैनाती
इस फेरबदल में PCS से IAS कैडर में आए अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके साथ ही कई अधिकारियों को विशेष सचिव, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य प्रशासनिक पदों पर तैनाती मिली है। सरकार के इस बड़े फेरबदल से जिलों और कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक संस्थानों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। आने वाले दिनों में इन अधिकारियों के नए पदों पर कार्यभार संभालने के बाद प्रशासनिक स्तर पर इसके असर को देखा जाएगा।


