उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान जारी है. स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो शाम 4 बजे तक चलेगी, जिसकी काउन्टटिंग 27 अक्टूबर को होगी, इन चुनावों में सबसे ज्यादा राजनीतिक चर्चा बिहार की पटना स्नातक सीट को लेकर है, जहां जेडीयू के नीरज कुमार के खिलाफ मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया है.
चार राज्यों में कहां कितनी सीटों पर मतदान?
चार राज्यों में विधान परिषद की कुल 28 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. राज्यवार सीटों का ब्योरा इस प्रकार है:
- उत्तर प्रदेश: 11 सीटें, जिनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं।
- बिहार: आठ सीटें, जिनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
- महाराष्ट्र: पांच सीटें, जिनमें तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं।
- कर्नाटक: चार सीटें, जिनमें दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं।
इन चुनावों में सामान्य मतदाताओं के बजाय संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के पंजीकृत स्नातक और शिक्षक मतदाता मतदान कर रहे हैं, चुनाव परिणाम 27 अक्टूबर को घोषित किए जाने हैं.
बिहार में आठ सीटों पर 150 उम्मीदवार मैदान में
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए कुल 150 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. इन सीटों पर 5,32,847 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 1,46,611 महिलाएं और 37 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में केंद्र बनाए गए हैं और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए इन चुनावों को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वहीं, जेडीयू के भीतर पटना स्नातक सीट को लेकर सामने आए मतभेदों ने मुकाबले को और चर्चा में ला दिया है.
पटना में अनंत सिंह बनाम नीरज कुमार की सियासी लड़ाई
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र इस चुनाव की चर्चित सीटों में शामिल है. जेडीयू ने यहां अपने मौजूदा विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार को फिर से उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज पार्टी ने डॉ. अनुज सिंह को मैदान में उतारा है. मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय अनुज सिंह का समर्थन किया है. अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच लंबे समय से राजनीतिक मतभेद रहे हैं. अनंत सिंह का आरोप है कि नीरज कुमार ने पिछले विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ काम किया था. इस तरह पटना स्नातक सीट पर मुकाबला केवल अलग-अलग उम्मीदवारों के बीच नहीं, बल्कि जेडीयू के भीतर सामने आए राजनीतिक मतभेदों के कारण भी चर्चा में है.
यूपी में सभी 11 सीटों पर जीत का ब्रजेश पाठक का दावा
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतदान हो रहा है. इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. चुनाव को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा उम्मीदवारों की जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी सभी 11 सीटों पर जीत हासिल करेंगे. पाठक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी पहले अपराधियों और माफिया के समर्थन से सत्ता में आती रही है. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब ऐसे लोगों को स्वीकार नहीं करेगी.
27 अक्टूबर को आएंगे नतीजे
चारों राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों के लिए मतदान शुक्रवार शाम 4 बजे तक चलेगा. इसके बाद मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. परिणामों से इन राज्यों में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के नए प्रतिनिधियों की तस्वीर साफ होगी.
फिलहाल सबकी नजरें उत्तर प्रदेश की 11 सीटों और बिहार की आठ सीटों पर टिकी हैं. बिहार में खास तौर पर पटना स्नातक सीट का परिणाम महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां अनंत सिंह के अनुज सिंह को समर्थन देने से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के सामने राजनीतिक चुनौती खड़ी हुई है.