कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों समेत कुल सात लोगों की हत्या करने का आरोप है. शुरुआती जांच में इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद को वजह बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में की है और उसे गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पूछताछ के दौरान सात हत्याएं करने की बात कबूल की है. हालांकि, पुलिस अभी सभी मृतकों के शव बरामद नहीं कर पाई है.
20 साल पुरानी शादी में विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह
पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंदुशेखर बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में बशम सर्किल के पास रहता था और कैब चलाने का काम करता था. उसकी शादी करीब 20 साल पहले सुनीता नाम की महिला से हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
बताया जा रहा है कि सुनीता के मायके वाले भी पति-पत्नी के झगड़ों में हस्तक्षेप करते थे. इससे इंदुशेखर नाराज रहता था. उसे शक था कि ससुराल के लोग उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काते हैं और उसकी वैवाहिक जिंदगी में दखल देते हैं. धीरे-धीरे यह नाराजगी इतनी बढ़ गई कि उसने पूरे परिवार को खत्म करने की योजना बना डाल.
पहले पत्नी की हत्या, फिर ससुराल वालों को बनाया निशाना
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की और उसके शव को नंदी हिल्स ले जाकर ठिकाने लगा दिया. इसके बाद उसने कथित तौर पर अपने दोनों सालों को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया और उनकी हत्या कर दी. आरोप है कि इसके बाद उसने दोनों सालों की पत्नियों, अपनी सास और सात साल के मासूम बच्चे पुनीत को भी निशाना बनाया. इस तरह दो दिनों के भीतर सात लोगों की जान ले ली गई.
पुलिस को आशंका है कि हत्याओं को अंजाम देने के लिए आरोपी ने सिलबट्टे के पत्थर का इस्तेमाल किया. वारदात के बाद उसने शवों को अपनी कार में रखकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया. इतना ही नहीं, घटनास्थल पर खून के निशान मिटाने और सबूत नष्ट करने के लिए रसायनों का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है.
गुमशुदगी की शिकायत से खुला सामूहिक हत्याकांड का राज
इस सनसनीखेज मामले का खुलासा परिवार के सदस्यों के अचानक लापता होने के बाद हुआ. श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में एक रिश्तेदार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और परिवार के लोगों के लापता होने की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं. जांच के दौरान कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक इंदुशेखर पर गया. पूछताछ में आरोपी के बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की. इसके बाद उसने कथित तौर पर सात लोगों की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली.
नंदी हिल्स के पास मिला सात साल के पुनीत का शव
आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी के आसपास तलाशी अभियान चलाया. करीब चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद हुआ. बाकी छह शवों की तलाश के लिए अभियान जारी है. पुलिस ने आरोपी के घर से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. फिलहाल जांच एजेंसियां हत्या की पूरी साजिश, शवों को ठिकाने लगाने के तरीके और वारदात में इस्तेमाल किए गए संभावित हथियारों की जांच कर रही हैं. इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के भयावह परिणामों को सामने ला दिया है. हालांकि, हत्याकांड से जुड़े सभी तथ्यों और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी.


