उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले सियासत तेज हो गई है. राजधानी लखनऊ में एक विवादित होर्डिंग लगाया गया है, जिसके जरिए सपा प्रमुख के रामलला दर्शन पर सवाल उठाए गए हैं. होर्डिंग में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव से प्रायश्चित करने की बात कही गई है. इसके साथ ही सपा के PDA फॉर्मूले पर भी तंज कसा गया है.

पोस्टर में लिखा- पहले प्रायश्चित, फिर दर्शन
लखनऊ में यह होर्डिंग बस्ती के रामनगर विकास खंड के भाजपा नेता अभिषेक त्रिपाठी की ओर से लगवाया गया है. इसमें एक तरफ अखिलेश यादव और दूसरी तरफ एक साधु की तस्वीर लगाई गई है. होर्डिंग पर लिखा है, “निहत्थे कारसेवकों के नरसंहार को नहीं भूली अयोध्या.”
इसके अलावा समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले पर निशाना साधते हुए लिखा गया है, “P-पहले प्रायश्चित, D-फिर दर्शन और A-फिर आशीर्वाद.” होर्डिंग के नीचे भाजपा नेता अभिषेक त्रिपाठी का नाम भी लिखा हुआ है.
कारसेवकों पर गोलीबारी को लेकर फिर गरमाई सियासत
अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर भाजपा लगातार सवाल उठा रही है. भाजपा नेता राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाकर समाजवादी पार्टी को घेरते रहे हैं. गौरतलब है कि वर्ष 1990 में अयोध्या में कारसेवकों पर पुलिस फायरिंग हुई थी. उस समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव थे. इस घटना को लेकर भाजपा और सपा के बीच लंबे समय से राजनीतिक बयानबाजी होती रही है. अब अखिलेश यादव के रामलला दर्शन के ऐलान के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे अखिलेश
पिछले दिनों अयोध्या के पूर्व विधायक और सपा नेता पवन पांडेय ने ऐलान किया था कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे और रामलला के दर्शन करेंगे. पवन पांडेय के मुताबिक, सपा प्रमुख सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद राम मंदिर में रामलला का आशीर्वाद लेंगे. अखिलेश यादव का अयोध्या में साधु-संतों से मुलाकात करने का भी कार्यक्रम है.
हालांकि, उनके इस प्रस्तावित दौरे से पहले भाजपा नेताओं ने कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाकर सपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया है. लखनऊ में लगे इस होर्डिंग के बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है. फिलहाल इस पोस्टर को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.


