यूपी चुनाव से पहले राहुल गांधी का बड़ा बयान, सपा को बताया ‘महत्वपूर्ण सहयोगी

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस की आज दिल्ली में बड़ी बैठक हुई.
दिल्ली
यूपी चुनाव को लेकर दिल्ली में हुई कांग्रेस की अहम बैठक

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा की गई. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी कांग्रेस की महत्वपूर्ण सहयोगी है और दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा सम्मानजनक होना चाहिए. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, सांसद इमरान मसूद और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे.

कांग्रेस ने बनाई पांच सदस्यीय कमेटी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और समाजवादी पार्टी के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए कांग्रेस ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है. सूत्रों के मुताबिक, यह कमेटी अखिलेश यादव के साथ सीट बंटवारे समेत गठबंधन से जुड़े तमाम मुद्दों पर बातचीत करेगी.

कमेटी में प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और आराधना मिश्रा मोना को शामिल किया गया है. यह कमेटी दोनों दलों के बीच समन्वय स्थापित करने और चुनावी रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

मल्लिकार्जुन खरगे ने जताया जीत का भरोसा

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई, उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे. प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है.

खरगे ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी.”

सीट बंटवारे और स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर फंसा पेंच

कांग्रेस की यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनना बाकी है. पहला मुद्दा विधानसभा सीटों का बंटवारा है, जबकि दूसरा स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने की कांग्रेस की कवायद है.

पिछले दिनों अखिलेश यादव ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में दावा किया था कि कांग्रेस ने प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग की है. वहीं, अखिलेश यादव स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने से इनकार कर चुके हैं. मौर्य की राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उनके गठबंधन में शामिल होने की अटकलें तेज हुई थीं.

यूपी में कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती

उत्तर प्रदेश के पिछले दो विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा है. साल 2022 में पार्टी को महज दो सीटों पर जीत मिली थी और उसका वोट प्रतिशत 2.33 फीसदी रहा था. वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सात सीटें जीती थीं और उसे 6.25 फीसदी वोट मिले थे.

ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सामने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के साथ ही समाजवादी पार्टी से सम्मानजनक सीट बंटवारा सुनिश्चित करने की बड़ी चुनौती है. अब देखना होगा कि कांग्रेस की पांच सदस्यीय कमेटी और अखिलेश यादव के बीच बातचीत से सीटों के बंटवारे का क्या फॉर्मूला निकलता है.

संबंधित खबरें

यूपी चुनाव से पहले राहुल गांधी का बड़ा बयान, सपा को बताया ‘महत्वपूर्ण सहयोगी

ICC चेयरमैन पद पर जय शाह का दबदबा कायम, दूसरी बार मिली जिम्मेदारी

हापुड़: सरफिरे युवक ने मचाया उत्पात, सड़क किनारे रखी भगवान की मूर्तियां व मंदिर तोड़े, घटना सीसीटीवी में कैद।

पठानकोट में गनपॉइंट पर XUV लूटने से हड़कंप, आतंकी कनेक्शन की आशंका, पंजाब-जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट

गाजियाबाद PMLA कोर्ट में पेश हुए आजम खान, ED ने पूछे करीब 80 सवाल

Recommended Stories

यूपी चुनाव से पहले राहुल गांधी का बड़ा बयान, सपा को बताया ‘महत्वपूर्ण सहयोगी

ICC चेयरमैन पद पर जय शाह का दबदबा कायम, दूसरी बार मिली जिम्मेदारी

हापुड़: सरफिरे युवक ने मचाया उत्पात, सड़क किनारे रखी भगवान की मूर्तियां व मंदिर तोड़े, घटना सीसीटीवी में कैद।

पठानकोट में गनपॉइंट पर XUV लूटने से हड़कंप, आतंकी कनेक्शन की आशंका, पंजाब-जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट

गाजियाबाद PMLA कोर्ट में पेश हुए आजम खान, ED ने पूछे करीब 80 सवाल