आईपीएल 2027 की तैयारियों के बीच पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अपनी टीम में बड़े बदलाव कर सकती है. आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद चेन्नई अब नए सिरे से मजबूत स्क्वाड तैयार करने की योजना बना रही है. पिछले सीजन में टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर रही थी. ऐसे में आगामी ऑक्शन से पहले कई बड़े खिलाड़ियों को रिलीज किए जाने की संभावना जताई जा रही है.
चेन्नई सुपर किंग्स पिछले तीन सीजन से प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही है. इस बार हेड कोच जहीर खान के नेतृत्व में टीम के संयोजन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. वहीं, लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स पहले ही चेन्नई की टीम में शामिल हो चुके हैं.
प्रशांत वीर समेत इन खिलाड़ियों की हो सकती है छुट्टी
चेन्नई की संभावित रिलीज लिस्ट में सबसे बड़ा नाम प्रशांत वीर का है. फ्रेंचाइजी ने उन्हें 14.2 करोड़ रुपये की बड़ी रकम खर्च करके खरीदा था। अब ऑक्शन के लिए अपना पर्स बढ़ाने के उद्देश्य से टीम उन्हें रिलीज करने पर विचार कर सकती है. अगर चेन्नई प्रशांत वीर को रिलीज करती है, तो उसके ऑक्शन पर्स में 14.2 करोड़ रुपये की रकम जुड़ सकती है. हालांकि, टीम भविष्य में उन्हें दोबारा खरीदने का विकल्प भी तलाश सकती है.
इसके अलावा राहुल चाहर, श्रेयस गोपाल और गुरजपनीत सिंह जैसे भारतीय खिलाड़ियों पर भी रिलीज होने का खतरा मंडरा रहा है. विदेशी खिलाड़ियों में मैथ्यू शॉर्ट, जैक फाउल्केस, डियान फोरेस्टर और स्पेन्सर जॉनसन को भी बाहर किया जा सकता है.
CSK की संभावित रिलीज लिस्ट: प्रशांत वीर, जैक फाउल्केस, श्रेयस गोपाल, राहुल चाहर, मैथ्यू शॉर्ट, डियान फोरेस्टर, गुरजपनीत सिंह और स्पेन्सर जॉनसन.
ऋतुराज बने रह सकते हैं कप्तान, धोनी पर सस्पेंस
चेन्नई सुपर किंग्स अगले सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाए रख सकती है. हालांकि, सबसे बड़ा सवाल एमएस धोनी के भविष्य को लेकर है। धोनी आईपीएल 2027 में खेलेंगे या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. फ्रेंचाइजी आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा और उर्विल पटेल जैसे युवा खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रख सकती है. वहीं, नूर अहमद टीम के प्रमुख स्पिन गेंदबाज बने रह सकते हैं.
CSK की संभावित रिटेंशन लिस्ट
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी, संजू सैमसन, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, आयुष म्हात्रे, शिवम दुबे, अमन खान, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, मैट हेनरी, अकील होसेन, मुकेश चौधरी, आकाश मधवाल, कुलदीप यादव, रामकृष्ण घोष और मैकनील नोरोन्हा.
फिलहाल यह संभावित रिलीज और रिटेंशन लिस्ट है. आधिकारिक सूची सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि चेन्नई सुपर किंग्स किन खिलाड़ियों पर भरोसा जताती है और किन बड़े नामों को ऑक्शन में उतारने का फैसला करती है.


