कुलगाम एनकाउंटर में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, मस्जिद में छिपा था आतंकी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया, आतंकी मस्जिद में छिपा हुआ था..
लश्कर कमांडर लतीफ भट
लश्कर कमांडर लतीफ भट

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार (18 नवंबर) सुबह सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिलने की खबर सामने आई है. कुलगाम के देवसर इलाके के जंगलपोरा गांव में हुई मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट मारा गया. जानकारी के मुताबिक, लतीफ एक मस्जिद में छिपा हुआ था. सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया. इसके बाद हुई मुठभेड़ में वह मारा गया. लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था.

मस्जिद में छिपा था लतीफ, वीडियो कॉल पर सरेंडर से किया इनकार

जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को कुलगाम के जंगलपोरा गांव में लश्कर कमांडर लतीफ भट के छिपे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. बताया जा रहा है कि लतीफ एक मस्जिद के भीतर छिपा हुआ था. सुरक्षाबलों ने वीडियो कॉल के जरिए उससे संपर्क किया और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा. लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया. इसके बाद हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया.

कौन था लश्कर कमांडर लतीफ भट?

लतीफ भट कुलगाम जिले के ख्रेवन चादर गांव का रहने वाला था. जानकारी के मुताबिक, उसने नवंबर 2020 में अपना घर छोड़ दिया था और इसके बाद आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया था. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, लतीफ स्थानीय इलाकों में अपनी पहचान छिपाकर गतिविधियां संचालित करता था. उस पर छोटे-छोटे हमलों को अंजाम देने और स्थानीय नेटवर्क की मदद से सुरक्षाबलों की पकड़ से बचने के आरोप थे. लतीफ लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था. उसे पकड़ने के लिए कई इलाकों में तलाश अभियान चलाए जाने की जानकारी भी सामने आई है.

प्रवासी मजदूरों और पुलिसकर्मियों की हत्या

लतीफ भट पर जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी हमलों में शामिल था. इनमें प्रवासी मजदूरों की हत्या से जुड़े मामले भी शामिल बताए जा रहे हैं. इसके अलावा किश्तवाड़ जिले में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह लश्कर-ए-तैयबा के साथ-साथ उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के नाम पर भी आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा था. जांच एजेंसियों को संदेह था कि लतीफ पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था और स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभा रहा था.

11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुए हमले से भी जुड़ा नाम

लतीफ भट का नाम 11 नवंबर को कुलगाम के नौपोरा अखरान इलाके में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले से भी जोड़ा जा रहा है. इस हमले में बाइक सवार आतंकियों ने सीआरपीएफ के नाके पर अचानक गोलीबारी की थी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे. हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में आतंकियों की तलाश तेज कर दी थी। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, इस हमले के पीछे भी लतीफ भट की भूमिका होने का संदेह था.

सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता

लतीफ भट को दक्षिण कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय कमांडरों में गिना जाता था. उसके मारे जाने को क्षेत्र में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है. फिलहाल सुरक्षाबल मुठभेड़ स्थल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं. लतीफ से जुड़े अन्य संदिग्धों और उसके स्थानीय नेटवर्क को लेकर भी जांच की जा सकती है.

संबंधित खबरें

यूपी पंचायत चुनाव पर योगी सरकार का बड़ा फैसला, OBC आयोग की रिपोर्ट के बाद होगा मतदान

जेल से बाहर आए आजम खान, डासना जेल के बाहर समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

सोनिया गांधी की किताब फाड़ने पर सियासी बवाल, बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर को लेकर कांग्रेस का आरोप

चीन पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप, प्रोटोकॉल तोड़कर स्वागत करने पहुंचे शी जिनपिंग! पुतिन के साथ महाबैठक पर दुनिया की नजर

कुलगाम एनकाउंटर पर अमित शाह का बड़ा बयान, सुरक्षाबलों की तारीफ में कही ये बात

Recommended Stories

यूपी पंचायत चुनाव पर योगी सरकार का बड़ा फैसला, OBC आयोग की रिपोर्ट के बाद होगा मतदान

जेल से बाहर आए आजम खान, डासना जेल के बाहर समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

सोनिया गांधी की किताब फाड़ने पर सियासी बवाल, बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर को लेकर कांग्रेस का आरोप

चीन पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप, प्रोटोकॉल तोड़कर स्वागत करने पहुंचे शी जिनपिंग! पुतिन के साथ महाबैठक पर दुनिया की नजर

कुलगाम एनकाउंटर पर अमित शाह का बड़ा बयान, सुरक्षाबलों की तारीफ में कही ये बात