कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर महाराष्ट्र में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट ने किताब में वीर सावरकर से जुड़ी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का विरोध करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उसके पन्ने फाड़ दिए। लेकिन इसी प्रदर्शन का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी की किताब का विरोध करते हुए शिवसेना नेताओं ने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी फाड़ दी। इस आरोप पर एकनाथ शिंदे और शिवसेना नेता शाइना एनसी ने सफाई देते हुए कहा कि उनका विरोध केवल कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर से था, बालासाहेब ठाकरे से नहीं।
सुप्रिया श्रीनेत ने वीडियो शेयर कर साधा निशाना
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए शिंदे गुट के नेताओं पर निशाना साधा।
उन्होंने लिखा, “यह जाहिल लोग सोनिया जी की किताब फाड़ने के लिए इतने उत्साहित थे कि बालासाहेब की ही फोटो फाड़ डाली। हमारी संस्कृति में किताबों में सरस्वती का वास है। जाहिलों की जमात हैं भाजपाई और उनके साथी। वैसे फाड़ने के लिए खरीदी तो होगी किताब- उसका शुक्रिया।”
सुप्रिया श्रीनेत के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद तेज हो गया। कांग्रेस ने शिवसेना नेताओं के प्रदर्शन के तरीके पर सवाल उठाए, जबकि शिंदे गुट ने आरोपों को गलत बताया।
एकनाथ शिंदे बोले- बालासाहेब हमारे लिए देवता समान
बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के आरोप पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शिवसेना नेताओं का विरोध उन लोगों के खिलाफ था, जिन्होंने स्वतंत्रवीर सावरकर का अपमान किया था।
शिंदे ने कहा, “जिन लोगों ने स्वतंत्रवीर सावरकर जी का अपमान किया, उन पन्नों को फाड़ रहे थे। बालासाहेब ठाकरे हमारे लिए देवता समान हैं, उनकी विचारधारा को हम आगे बढ़ा रहे हैं। उनका अपमान करना संभव ही नहीं है, कोई नहीं कर सकता है।”
एकनाथ शिंदे ने स्पष्ट किया कि बालासाहेब ठाकरे का अपमान करने का सवाल ही नहीं उठता।
शाइना एनसी ने दी सफाई, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने भी कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि जिस तस्वीर को फाड़ने को लेकर विवाद हो रहा है, उसमें कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के साथ बालासाहेब ठाकरे भी दिखाई दे रहे थे। शाइना एनसी के मुताबिक, तस्वीर में केवल मणिशंकर अय्यर के चेहरे वाला हिस्सा फाड़ा गया था।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मुझे दिखाओ कि मैंने हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर कहां फाड़ी या उसका अपमान किया है।”
शाइना एनसी ने कहा कि किसी घटना को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश करना और झूठी कहानी फैलाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपने खिलाफ मानहानिकारक आरोप लगाने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में फाड़े गए सोनिया गांधी की किताब के पन्ने
दरअसल, शिवसेना के शिंदे गुट के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सोनिया गांधी की आत्मकथा का विरोध किया था. इस दौरान शिवसेना नेताओं ने किताब के कुछ पन्ने फाड़ दिए। साथ ही कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की एक तस्वीर भी फाड़ी गई, जिसमें बालासाहेब ठाकरे भी नजर आ रहे थे। इसी तस्वीर को लेकर कांग्रेस और शिवसेना के बीच विवाद शुरू हुआ। प्रदर्शन में शिवसेना नेता शाइना एनसी, संजय निरुपम, आनंद दुबे, शीतल म्हात्रे और संजना घाडी समेत कई नेता शामिल थे। शिवसेना नेताओं ने कहा कि उनका विरोध मणिशंकर अय्यर और वीर सावरकर के बारे में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से है।
संजय निरुपम ने उठाया मणिशंकर अय्यर से जुड़ा पुराना विवाद
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने इस दौरान कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर और बालासाहेब ठाकरे से जुड़ा एक पुराना प्रसंग भी उठाया। उन्होंने कहा कि जब मणिशंकर अय्यर कांग्रेस सरकार में पेट्रोलियम मंत्री थे, तब अंडमान की सेल्युलर जेल में वीर सावरकर से जुड़ी पीतल की पट्टिका हटाने का विवाद सामने आया था। निरुपम के मुताबिक, उस समय बालासाहेब ठाकरे ने मुंबई में मणिशंकर अय्यर के पुतले को चप्पल मारी थी। संजय निरुपम ने कहा कि शिवसेना का विरोध वीर सावरकर के कथित अपमान को लेकर है और पार्टी इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी।
किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर आपत्ति
शिंदे गुट के नेताओं ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी की आत्मकथा में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं और ऐतिहासिक घटनाओं को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। शिवसेना नेताओं ने किताब के प्रकाशक हार्परकॉलिन्स से पेज नंबर 201 और 443 पर लिखे अंशों को हटाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान शिवसेना नेताओं ने कांग्रेस के साथ-साथ उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। फिलहाल सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के आरोप तक पहुंच गया है। कांग्रेस जहां वायरल वीडियो के आधार पर शिंदे गुट को घेर रही है, वहीं शिवसेना नेताओं का कहना है कि उन्होंने बालासाहेब ठाकरे का कोई अपमान नहीं किया।


