चर्चित यूट्यूबर ध्रुव राठी की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं. दिल्ली की साकेत कोर्ट ने साल 2018 के एक मानहानि मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है. जर्मनी में रहने वाले ध्रुव राठी के खिलाफ यह मामला उनके एक यूट्यूब वीडियो से जुड़ा है. अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को निर्धारित की है.
क्या है ध्रुव राठी के खिलाफ मानहानि का मामला?
शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन ने आरोप लगाया है कि ध्रुव राठी ने मई 2018 में ‘BJP IT Cell Part II’ नाम से एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठे और मानहानिकारक आरोप लगाए गए थे. वीडियो में राठी ने कथित तौर पर दावा किया था कि बीजेपी के आईटी सेल ने उन्हें बदनाम करने के लिए एक व्यक्ति को रिश्वत देने की कोशिश की थी. इस वीडियो को दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी रीट्वीट किया था. इसी वीडियो को लेकर विकास सांस्कृत्यायन ने मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी.
अक्टूबर में जारी हुआ था जमानती वारंट
इससे पहले अक्टूबर में अदालत ने ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था. जानकारी के मुताबिक, कोर्ट को बताया गया था कि नोटिस तामील कराने के लिए जब संबंधित अधिकारी उनके पते पर पहुंचे तो वह बंद मिला. अब अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है.
अक्टूबर में हिरासत में लिए गए थे ध्रुव राठी
ध्रुव राठी 8 अक्टूबर को भारत पहुंचे थे. उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की ओर से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान किया था. प्रदर्शन में शामिल होने से पहले ही उन्हें गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित आवास से हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी.


