प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की. इसके साथ ही भारत ने नेपाल में IIT का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने का भी ऐलान किया है. पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
‘भारत और नेपाल के बीच अटूट विश्वास का रिश्ता’
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि अपनेपन और विश्वास का भी है.
पीएम मोदी ने कहा, “हमारी खुशियां और चुनौतियां साझी हैं, हम एक-दूसरे की प्रगति में साथी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी हैं, अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि के लिए हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, आज, नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के लिए हम 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा करते हैं.”
गंभीर चुनौतियों के बावजूद भारत ने जारी रखी आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लंबे समय से नेपाल के लिए पेट्रोलियम पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं का विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता रहा है. उन्होंने कहा, “हमारी ‘पड़ोसी प्रथम नीति’ की भावना के अनुरूप, इस साल तेल सप्लाई से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद, हमने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई बनाए रखी.”
नेपाल में IIT कैंपस स्थापित करेगा भारत
शिक्षा, तकनीक और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए पीएम मोदी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं.
- नेपाल में IIT का ऑफशोर कैंपस स्थापित किया जाएगा.
- स्टार्टअप इंक्यूबेटर और इनोवेशन हब बनाए जाएंगे.
- नेपाली छात्रों के लिए भारत में कानून और तकनीकी शिक्षा से जुड़ी स्कॉलरशिप के अवसर बढ़ाए जाएंगे.
- फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देने के लिए एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में सहयोग किया जाएगा.
सरयू-कमला एक्सप्रेस से मजबूत होंगे सांस्कृतिक संबंध
भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर को जोड़ने वाली नई रेल सेवा से दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन और आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव से बने हैं. भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं.


