राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार को एक शख्स ने पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. वारदात के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया. पुलिस ने पीछा करते हुए जवाबी कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों पर किया हमला
घटना सोमवार (23 नवंबर) को दोपहर करीब 2:30 बजे की है. पुलिस को शिकायत मिली थी कि नबील नाम का शख्स अपनी मां और बहन को परेशान कर रहा है. इसी शिकायत के आधार पर उसे जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था.
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल तीन पुलिसकर्मियों को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य का इलाज संजीवनी अस्पताल में चल रहा है.
थाने से भागने के बाद लूटा दोपहिया वाहन
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया. मौके से बच निकलने के लिए उसने कथित तौर पर एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया. इसके बाद सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट ने उसकी तलाश शुरू की.
पकड़ने के दौरान फिर किया हमला, पुलिस ने चलाई गोली
पुलिस टीम ने आरोपी को चितली कब्र इलाके में खोज निकाला. जब पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने दोबारा हमला कर दिया. खतरे को टालने और आरोपी को काबू में करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी.
जवाबी कार्रवाई में आरोपी भी घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


