IPL के 19वें सीजन की शुरूआत 28 मार्च से हो चुकी है और आज यानि रविवार 29 मार्च को दूसरा मैच मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। मैच मुंबई के घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा।
हेड टू हेड में मुंबई का दबदबा
मुंबई इंडियंस (MI) पांच बार (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) की चैंपियन है। पिछले सीजन टीम तीसरे स्थान पर रही थी। वहीं, KKR ने 2012, 2014 और 2024 में खिताब जीते हैं, लेकिन पिछला सीजन उनके लिए खास नहीं रहा और टीम 8वें स्थान पर रही थी। मुंबई इंडियंस का कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रिकॉर्ड काफी मजबूत है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 35 मुकाबलों में MI ने 24 मैच जीते हैं, जबकि KKR को 11 जीत मिली। वानखेड़े में दोनों टीमें 12 बार आमने-सामने हुईं। 10 मुकाबले होम टीम मुंबई ने जीते। वहीं, कोलकाता को सिर्फ 2 में जीत मिली।
मुंबई की टीम बेहद संतुलित और मजबूत
मुंबई इंडियंस इस सीजन खिताब की मजबूत दावेदार मानी जा रही है। टीम में सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। विदेशी खिलाड़ियों में ट्रेंट बोल्ट, मिचेल सैंटनर और विल जैक्स टीम को और मजबूत बनाते हैं। गेंदबाजी में बुमराह और बोल्ट की जोड़ी विपक्षी टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी।
KKR की बल्लेबाजी मजबूत, गेंदबाजी कमजोर
कोलकाता की टीम बल्लेबाजी में काफी मजबूत नजर आती है। टीम के पास फिन एलन, अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह और कैमरन ग्रीन जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं। हालांकि गेंदबाजी विभाग में टीम को झटका लगा है, क्योंकि कई प्रमुख तेज गेंदबाज बाहर हैं, जिससे उनकी बॉलिंग थोड़ी कमजोर दिख रही है। बॉलिंग डिपार्टमेंट की बड़ी जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती पर होगी, जो टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
टीम अपडेट: KKR को बड़ा झटका मुंबई इंडियंस के लिए अच्छी खबर
KKR के हर्षित राणा और आकाशदीप चोट के कारण बाहर हैं, वहीं मुस्तफिजुर रहमान विवाद के चलते उपलब्ध नहीं हैं। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस के लिए अच्छी खबर यह है कि जसप्रीत बुमराह टीम से जुड़ चुके हैं।
पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों के लिए मददगार
वानखेड़े की पिच आमतौर पर हाई स्कोरिंग मैचों के लिए जानी जाती है। यहां बल्लेबाजों को अच्छा फायदा मिलता है, हालांकि नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग और उछाल भी मिलता है। अब तक यहां खेले गए 123 मैचों में चेज करने वाली टीम को ज्यादा सफलता मिली है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-12
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, क्विंटन डी कॉक, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, हार्दिक पंड्या, शेरफन रदरफोर्ड, दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर/अल्लाह गजनफर, मयंक मारकंडे, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे, फिन एलन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, उमरान मलिक, ब्लेसिंग मुजरबानी








