बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन को गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. गुरुवार (26 नवंबर) को शीर्ष अदालत ने आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई का आदेश रद्द करते हुए उन्हें एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने सरकारी अधिकारी की हत्या के दोषियों को समय से पहले रिहाई का पात्र बनाने वाली बिहार सरकार की नीति को भी गलत ठहराया है. अदालत ने कहा कि वर्ष 2023 में बिना किसी उचित कारण के रिहाई नीति में बदलाव किया गया था.
जी. कृष्णैया हत्याकांड में हुई थी आजीवन कारावास की सजा
वर्ष 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ ने हत्या कर दी थी. इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वर्ष 2023 में बिहार सरकार ने जेल नियमावली में बदलाव किया था, जिसके बाद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई का रास्ता साफ हो गया था. राज्य सरकार के इस फैसले को दिवंगत अधिकारी की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी.
बिहार सरकार की रिहाई नीति पर सुप्रीम कोर्ट ने उठाए सवाल
जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने कहा कि वर्ष 2023 में रिहाई नीति में किया गया संशोधन बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य के अचानक लिया गया फैसला था. राज्य सरकार इस बदलाव के पीछे कोई तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक उद्देश्य साबित करने में विफल रही है. अदालत ने इस संशोधन को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन माना है.
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार याचिकाकर्ता उमा कृष्णैया को अपना पक्ष रखने का अवसर देने के बाद सजा में छूट (रेमिशन) देने की प्रक्रिया नए सिरे से शुरू कर सकती है.
‘पीड़ित और दोषी दोनों के अधिकारों में संतुलन जरूरी’
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि सजा में छूट देने के मामलों में संविधान के अनुच्छेद 21 को एकतरफा गारंटी के रूप में नहीं देखा जा सकता. जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार केवल उस दोषी तक सीमित नहीं है, जिसने जेल में लंबा समय बिताया हो और जिसमें रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा में लौटने की क्षमता हो.
अदालत ने कहा कि अनुच्छेद 21 के तहत पीड़ित के अधिकारों का संरक्षण भी जरूरी है। यदि पीड़ित जीवित नहीं है, तो उसके परिवार के अधिकारों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए. गरिमापूर्ण और भयमुक्त जीवन सुनिश्चित करने के लिए पीड़ित और दोषी, दोनों के अधिकारों के बीच संतुलन बनाना आवश्यक है. किसी एक पक्ष के अधिकारों को प्राथमिकता देते हुए दूसरे पक्ष के अधिकारों की पूरी तरह अनदेखी नहीं की जा सकती.


