रोहतक में खूनी गैंगवार की आशंका, मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग में चार युवकों की मौत, हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी

रोहतक के मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग में 4 युवकों की मौत से हड़कंप मच गया. मामले में हिमांशु भाऊ गैंग द्वारा जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई है.
रोहतक
रोहतक में खूनी गैंगवार

हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात हुई गोलीबारी की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. खरावड़ गांव के पास दिल्ली रोड स्थित मिलन ढाबे पर हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी. हैरानी की बात यह है कि यह वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई है. इस हत्याकांड के बाद हिमांशु भाऊ गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट सामने आई है, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने के साथ ही विरोधी गैंग को धमकी भी दी गई है. शुरुआती जांच में पुलिस इस वारदात को पुरानी रंजिश और गैंगवार से जोड़कर देख रही है.

मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग, चार युवकों की मौत

जानकारी के मुताबिक, मिलन ढाबे पर मौजूद युवकों को हथियारबंद बदमाशों ने निशाना बनाया. अचानक हुई गोलीबारी से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। इस हमले में चार युवकों की जान चली गई. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए. पुलिस चौकी के इतने करीब हुई इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

मृतकों की हुई पहचान, तीन युवक डीघल गांव के निवासी

हत्याकांड में मारे गए युवकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू पुत्र जगबीर, विनित पुत्र जयबीर और गंजू के रूप में हुई है. वहीं, चौथे मृतक की पहचान बेरी निवासी हिमांशु पुत्र राजबीर के रूप में हुई है. पुलिस मृतकों की पृष्ठभूमि और उनके संभावित गैंग कनेक्शन की जांच कर रही है.

हिमांशु भाऊ गैंग ने ली हत्याकांड की जिम्मेदारी

रोहतक में हुई इस वारदात के बाद इंस्टाग्राम पर ‘rohitbajrang07’ नाम के अकाउंट से एक कथित पोस्ट शेयर की गई है. ‘जय भोले की’ से शुरू हुई इस पोस्ट में हिमांशु भाऊ गैंग की ओर से मिलन ढाबे पर हुए हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. पोस्ट में कहा गया है कि चारों युवकों की हत्या रोहित उर्फ बजरंग और साहिल उर्फ सोनू डीघल की हत्या का बदला लेने के लिए की गई है.

सोशल मीडिया पोस्ट में विरोधी गैंग को दी धमकी

वायरल पोस्ट में विरोधी गुट के सदस्यों को धमकी देते हुए दावा किया गया है कि दोनों पक्षों के बीच चल रही रंजिश अभी खत्म नहीं हुई है. इसमें विरोधी गैंग से जुड़े लोगों और उनके सहयोगियों को भविष्य में भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है. पोस्ट में आपराधिक वारदातों के जरिए विरोधियों को जवाब देने की बात भी कही गई है.

रोहित बजरंग और सोनू डीघल की हत्या से जुड़ रहे तार

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, रोहित उर्फ बजरंग की हत्या 2 मार्च 2022 को हुई थी, जबकि साहिल उर्फ सोनू डीघल की हत्या 8 अप्रैल 2026 को हुई थी. आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं पुरानी हत्याओं को लेकर दोनों गुटों के बीच दुश्मनी चल रही थी. पुलिस अब पिछली आपराधिक घटनाओं और मिलन ढाबे पर हुए हत्याकांड के बीच संबंधों का पता लगाने में जुटी है.

भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच रंजिश की आशंका

शुरुआती जानकारी में इस हत्याकांड को भाऊ रिटोलिया गैंग और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही कथित गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है. डीघल गांव में पिछले दिनों हुई एक युवक की हत्या को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है. आशंका है कि आपसी दुश्मनी और बदले की भावना इस वारदात की वजह हो सकती है. हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.

घटनास्थल पर पहुंचे आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित

वारदात की सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर, एसपी गौरव राजपुरोहित समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. सीआईए, स्पेशल सेल और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश में जुटीं टीमें

पुलिस मिलन ढाबे और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके संभावित आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इसके अलावा सोशल मीडिया पर जारी धमकी भरी पोस्ट और उसमें किए गए दावों की भी जांच की जा रही है.

संबंधित खबरें

रोहतक में खूनी गैंगवार की आशंका, मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग में चार युवकों की मौत, हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी

बाहुबली आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, रिहाई का आदेश रद्द

भारत समेत 14 व्यापारिक साझेदारों पर नए टैरिफ की तैयारी में ट्रंप

UP चुनाव 2027 में कौन होगा BJP का मुख्यमंत्री चेहरा? डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने दिया बड़ा बयान

‘वैभव, अब…’, सूर्यवंशी की 204 रनों की तूफानी पारी के मुरीद हुए सूर्यकुमार, सहवाग और अश्विन

Recommended Stories

रोहतक में खूनी गैंगवार की आशंका, मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग में चार युवकों की मौत, हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी

बाहुबली आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, रिहाई का आदेश रद्द

भारत समेत 14 व्यापारिक साझेदारों पर नए टैरिफ की तैयारी में ट्रंप

UP चुनाव 2027 में कौन होगा BJP का मुख्यमंत्री चेहरा? डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने दिया बड़ा बयान

‘वैभव, अब…’, सूर्यवंशी की 204 रनों की तूफानी पारी के मुरीद हुए सूर्यकुमार, सहवाग और अश्विन