बिहार की राजनीति में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक अनंत सिंह के एक बयान ने पुरे सियासी ख़ेमे में हड़कप मचा दिया है. मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के साथ रहते हुए उन्होंने नौ लोगों की हत्या कराई थी. उनके इस बयान के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने नीतीश कुमार के शासनकाल पर सवाल उठाए हैं.
अनंत सिंह ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को एक इंटरव्यू दौरान यह बयान दिया. यह बयान ऐसे समय आया है, जब पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर अनंत सिंह और JDU नेता नीरज कुमार के बीच विवाद जारी है.
‘हमने पार्टी के लिए कुर्बानी दी है’
पार्टी में अपनी स्थिति और योगदान को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए कुर्बानी दी है और किसी दूसरे नेता ने उतनी कुर्बानी नहीं दी. उन्होंने कहा, “पार्टी हमारे साथ है कि नहीं है, हम भगवान हैं…? हम अपनी बात न जानेंगे… न मरने का गम है, न जीने की खुशी है… लेकिन पार्टी को मानते हैं कि मेरी पार्टी है. पार्टी को जो मानना है, जो माने.”
इसके बाद उन्होंने नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए कहा, “हमने पार्टी के लिए कुर्बानी दी है। किसी ने उतनी कुर्बानी नहीं दी है. नीतीश कुमार कुछ नहीं थे… उस समय हम नीतीश जी के साथ रहकर 9 गो आदमी का मर्डर कराए…” अनंत सिंह के इस बयान के बाद हड़कप मच गया है.
नीरज कुमार से विवाद के बीच आया बयान
अनंत सिंह और JDU के विधान पार्षद एवं पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार के बीच पटना स्नातक सीट के चुनाव को लेकर टकराव चल रहा है. JDU ने इस सीट से नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि अनंत सिंह जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं.
अनंत सिंह खुले तौर पर अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं और नीरज कुमार की हार का दावा कर चुके हैं. उन्होंने अपने विरोध की वजह दोनों नेताओं के बीच पुराने राजनीतिक और व्यक्तिगत मतभेदों को बताया है.
दूसरी ओर, नीरज कुमार भी अनंत सिंह पर निशाना साधते रहे हैं. पार्टी के भीतर दोनों नेताओं के बीच मतभेद दूर करने की कोशिशों के बावजूद विवाद सार्वजनिक रूप से जारी है. ऐसे में अनंत सिंह का ताजा बयान JDU के अंदर चल रही खींचतान के बीच आया है.
RJD ने नीतीश कुमार के शासनकाल पर उठाए सवाल
अनंत सिंह के बयान पर RJD के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि “अनंत सिंह ने सरकार के कहने पर 9 हत्या की… यह बात तो खुल गई है. लोग 20 वर्षों में क्या-क्या लोग करवाते थे इसका कबूलनामा सामने आया है. अनंत सिंह ने डंके की चोट पर कहा है. अपनी गलती को स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारी किसी पर जाती है तो नीतीश कुमार के शासनकाल पर…”
RJD ने इस बयान के जरिए नीतीश कुमार के शासनकाल में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं.