प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (24 नवंबर) को शिरोमणि अकाली दल (SAD) की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में वापसी का स्वागत किया. श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि पंजाब और पंजाबियों की भलाई को सबसे पहले रखते हुए अकाली दल एक बार फिर एनडीए परिवार में लौट आया है. पीएम मोदी ने बीजेपी और अकाली दल की साझेदारी को ‘स्वाभाविक गठबंधन’ बताते हुए कहा कि यह पंजाब के लोगों के कल्याण और जनहितैषी शासन को प्राथमिकता देगा.
पीएम मोदी ने याद की अटल-आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल की विरासत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों दलों के पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को याद किया. उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने बीजेपी और अकाली दल के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि समय की कसौटी पर खरा उतरने वाला यह गठबंधन आने वाले दिनों में पंजाब की जनता की स्वाभाविक पसंद बनेगा.
सुखबीर सिंह बादल से पीएम मोदी ने की फोन पर बात
दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा की. इस दौरान अमित शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बातचीत की और कहा कि अकाली दल की वापसी से अब एनडीए परिवार पूरा हो गया है.
दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प
अमित शाह ने कहा कि दोनों दल जल्द ही अपना साझा चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे. पंजाब से नशाखोरी और भ्रष्टाचार का खात्मा करना गठबंधन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा. गृह मंत्री ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल पंजाब को नशामुक्त बनाने के अपने वादों को पूरा करने में विफल रहे हैं. उन्होंने दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया.
कृषि कानूनों के विरोध में टूटा था गठबंधन
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल भारतीय राजनीति के सबसे पुराने सहयोगियों में शामिल रहे हैं. हालांकि, केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों और उनके खिलाफ हुए किसान आंदोलन के चलते सितंबर 2020 में अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था. बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे, लेकिन 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनावी मैदान में उतरी थीं.
कैसा रहा बीजेपी-अकाली दल गठबंधन का चुनावी इतिहास?
वर्ष 2007 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन ने कुल 67 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी. इनमें अकाली दल की 48 और बीजेपी की 19 सीटें शामिल थीं। इसके बाद 2012 में गठबंधन ने 68 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी थी. उस चुनाव में अकाली दल को 56 और बीजेपी को 12 सीटें मिली थीं.
हालांकि, 2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन का प्रदर्शन कमजोर रहा. कांग्रेस ने 77 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई, जबकि अकाली दल को 15 और बीजेपी को तीन सीटें मिली थीं। वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया था. कांग्रेस को 18, अकाली दल को तीन और बीजेपी को दो सीटों पर जीत मिली थी. अब करीब छह साल बाद दोनों दल एक बार फिर 2027 के विधानसभा चुनाव में संयुक्त रूप से उतरने जा रहे हैं.


