बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस वॉर ड्रामा फिल्म में सलमान पहली बार सैन्य अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म की शूटिंग लद्दाख से लेकर मुंबई तक कई अलग-अलग स्थानों पर की गई है. इस बीच सलमान खान ने अपने किरदार की तैयारियों और शूटिंग के दौरान सामने आई शारीरिक चुनौतियों को लेकर खुलकर बात की है.
सैन्य अधिकारी बनने के लिए नहीं की कोई खास तैयारी
आमतौर पर सेना से जुड़े किरदार निभाने के लिए कलाकार विशेष प्रशिक्षण लेते हैं, लेकिन सलमान खान का कहना है कि उन्होंने इस भूमिका के लिए कोई खास तैयारी नहीं की. हाल ही में हैदराबाद में आयोजित एक समारोह में अभिनेता ने कहा, “जब आप एक निर्भीक सिपाही की भूमिका निभाने की बात करते हैं, तो मुझे उसके लिए कोई तैयारी नहीं करनी पड़ी, क्योंकि मैं वह व्यक्ति नहीं हूं जो डरता है, हां, ऐसी भूमिकाएं निभाने के लिए कुछ शारीरिक चुनौतियां होती हैं.”
माइनस 21 डिग्री तापमान में की शूटिंग
शूटिंग के दौरान आई मुश्किलों का जिक्र करते हुए सलमान खान ने कहा, “हमने इस फिल्म के लिए सात से लेकर माइनस 21 डिग्री सेल्सियस तापमान में शूटिंग की है. ठंडे पानी में भी शूटिंग की है। ऐसी शारीरिक चुनौतियां तो आती ही हैं. अगर आपको एक फिल्म बनानी है, तो आपको शारीरिक और मानसिक तौर पर ऐसी चुनौतियों से गुजरना ही पड़ेगा. आपको दूसरों से एक कदम आगे रहना होगा.”
गलवान घाटी के संघर्ष पर आधारित है ‘मातृभूमि’
फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुए संघर्ष पर आधारित है. फिल्म की कहानी शिव अरूर की किताब ‘इंडियाज मोस्ट फियरलेस’ के एक अध्याय से प्रेरित है. इसमें सलमान खान 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं. वहीं, अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह पहली बार सलमान खान के साथ पर्दे पर नजर आएंगी.
श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ से होगी बॉक्स ऑफिस पर टक्कर
सलमान खान और चित्रांगदा सिंह स्टारर ‘मातृभूमि’ चार दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का मुकाबला श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ से होगा. दोनों फिल्मों की एक ही दिन रिलीज को लेकर सलमान खान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उन्होंने श्रद्धा कपूर को निजी तौर पर फोन कर इस बॉक्स ऑफिस क्लैश के लिए माफी मांगी थी.


