महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है. हादसा माजलगांव तालुका में खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिंदेवाड़ी फाटा के पास हुआ. बताया जा रहा है कि कार सवार लोग तुलजापुर में दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी उनकी गाड़ी की एसटी बस से टक्कर हो गई.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में माजलगांव शहर के गजानन नामदास समेत पांच लोगों की मौत हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
सुबह करीब 11 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे शिंदेवाड़ी फाटा के पास हुई. कार और महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) की बस के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की जान चली गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल व्यक्ति को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली. कुछ लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर माजलगांव-तेलगांव-धारूर मार्ग के निर्माण की गुणवत्ता खराब है. उनका दावा है कि सड़क पर कई जगह ऊबड़-खाबड़ हिस्से और दरारें हैं, जिनकी वजह से पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. दुर्घटना के बाद सड़क पर विरोध प्रदर्शन और जाम की खबरें भी सामने आई हैं. इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है. फिलहाल पुलिस की जांच और प्रशासन की आधिकारिक जानकारी के बाद ही दुर्घटना से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.