उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान बढ़ती नजर आ रही है. दोनों दलों के बीच लगातार बैठकों के बावजूद अब तक सीट शेयरिंग पर सहमति नहीं बन पाई है. इस बीच समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. सपा के इस फैसले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने इंडिया गठबंधन को लेकर सपा की गंभीरता पर भी सवाल उठाए हैं.
’26 सीटों की हमने मांग ही नहीं की’
समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यह सपा का अपना निर्णय है और वह अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है. हालांकि, जब गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर बातचीत चल रही है, तो बैठक के बाद इस तरह उम्मीदवारों की घोषणा करना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस ने उन सीटों की मांग ही नहीं की थी.
‘हम भिखारी नहीं हैं’- इमरान मसूद
इमरान मसूद ने नाराजगी जताते हुए कहा, ”हम भिखारी नहीं हैं. हमने आपसे नहीं कहा कि हमें कौन-सी सीट दीजिए और आपने उन सीटों पर घोषणा कर दी, जिनकी हमने मांग भी नहीं की थी. यह गठबंधन के लिए सही तरीका नहीं है. गठबंधन बनाने के लिए गंभीरता की जरूरत है. हम सहयोगी हो सकते हैं और हम चाहते हैं कि बीजेपी हारे। बीजेपी को हराने की गारंटी राहुल गांधी हैं.”
अखिलेश यादव की गंभीरता पर उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का यह कदम बीजेपी को हराने की दिशा में नहीं है. उन्होंने कहा, ”हमारी समझ में नहीं आ रहा कि आप क्या कर रहे हैं। ऐसे तो आप 403 सीटों पर भी घोषणा कर दें, हमें क्या फर्क पड़ रहा है? आप 26 सीटें देकर क्या संदेश दे रहे हैं? इससे दिखाई दे रहा है कि आप गठबंधन के प्रति गंभीर नहीं हैं.”
सीट बंटवारे को लेकर बढ़ी दोनों दलों के बीच तल्खी
इमरान मसूद के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं. कांग्रेस सांसद ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी सम्मानजनक साझेदारी चाहती है. ऐसे में अब सभी की नजरें समाजवादी पार्टी के अगले कदम और दोनों दलों के बीच होने वाली आगामी बातचीत पर टिकी हैं.


