कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक मकान मालकिन ने अपने छह पड़ोसियों के खिलाफ पेड़ काटने को लेकर मुकदमा दायर किया। महिला का आरोप था कि पड़ोसियों ने उसकी जमीन पर लगे पेड़ों को बिना अनुमति के काट दिया, ताकि शुस्वाप झील का बेहतर नजारा दिखाई दे। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने महिला के पक्ष में फैसला सुनाते हुए 35,000 कनाडाई डॉलर यानी करीब 24 लाख रुपये का हर्जाना देने का आदेश दिया।
झील का नजारा बेहतर करने के लिए काटे पेड़
मामला जैकलिन हेज़ और उनके छह पड़ोसियों विलियम ओल्थियस, शेली फेंटन, एलन फेंटन, एलिजाबेथ फेंटन, ली फेंटन और चेरिल फेंटन से जुड़ा है। हेज़ के मुताबिक, जुलाई 2021 में एलन फेंटन ने झील का दृश्य बेहतर करने के लिए उनकी जमीन पर मौजूद पेड़ों की सीमित छंटाई की अनुमति मांगी थी। हेज़ ने कुछ खास शर्तों के साथ इसकी मंजूरी दी थी। उनका कहना था कि केवल छोटे पेड़ों की ऊपरी शाखाएं काटी जाएं और तय सीमा से ज्यादा कटाई न हो।
तय सीमा से ज्यादा पेड़ काटने का आरोप
हेज़ अक्टूबर में जब अपनी संपत्ति पर लौटीं तो उन्होंने देखा कि कई पेड़ों को उनकी अनुमति की सीमा से कहीं ज्यादा काट दिया गया था। कुछ पेड़ों की शाखाएं काटी गई थीं, जबकि कुछ को जमीन के बिल्कुल पास से काट दिया गया था। इसके अलावा, पेड़ों की कटी हुई शाखाएं और अन्य मलबा भी उनकी जमीन पर पड़ा था। हेज़ और उनके बेटे को इसे हटाने में कई घंटे लगाने पड़े।
बातचीत की रिकॉर्डिंग बनी अहम सबूत
हेज़ ने जब इस मामले में एलन फेंटन से बात की तो फेंटन ने कथित तौर पर कहा कि उन्हें लगा था कि पेड़ों को अपनी इच्छा के मुताबिक काटने की अनुमति मिली हुई है।
अगस्त 2023 में दोनों के बीच हुई बातचीत रिकॉर्ड की गई थी। सुनवाई के दौरान प्रतिवादी पक्ष ने इस रिकॉर्डिंग पर आपत्ति जताई, लेकिन न्यायाधीश ने इसे सबूत के तौर पर स्वीकार कर लिया। दस्तावेजों के मुताबिक, बातचीत में फेंटन ने कहा था, “यह सब गड़बड़ हो गया है जैकलिन और मुझे इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।”
कोर्ट ने 35 हजार डॉलर का हर्जाना दिया
मामले की सुनवाई के बाद ब्रिटिश कोलंबिया की प्रांतीय अदालत ने जैकलिन हेज़ के पक्ष में फैसला सुनाया और छह प्रतिवादियों को कुल 35,000 कनाडाई डॉलर का हर्जाना देने का आदेश दिया। अदालती दस्तावेजों के अनुसार, यदि भुगतान के लिए अलग से सुनवाई निर्धारित नहीं की जाती है, तो पूरी राशि 1 अक्टूबर 2026 या उससे पहले चुकानी होगी।