उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में नेशनल हाईवे 34 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में हड़कंप मच गया। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे एक युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और हाईवे जाम कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हृदय विदारक घटना नेशनल हाइवे 34 (NH-34) पर सुमेरपुर थाना इलाके की सब्जी मंडी के पास हुई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे एक युवक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद इलाके के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्से में लोगों ने हाइवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। आक्रोशित भीड़ ने ट्रक पर पथराव भी किया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही सुमेरपुर थाने की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेज दिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
इस दर्दनाक मामले में पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आश्वासन दिया है कि जल्द ही फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (रिपोर्ट: स्वनेश कुमार, हमीरपुर)









