भारतीय सिनेमा में वास्तविक घटनाओं पर आधारित फिल्मों का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में अब भूषण कुमार और विवेक रंजन अग्निहोत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर फिल्म बनाने का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके जवाब में भारत की सैन्य कार्रवाई पर आधारित होगी।
किताब से प्रेरित होगी कहानी
विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ‘टाइनी’ ढिल्लों की किताब Operation Sindoor: The Untold Story of India’s Deep Strikes Inside Pakistan पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि यह कहानी उपमहाद्वीप की सुरक्षा की परिभाषा को बदलने वाली है और पाकिस्तान के परमाणु दावों की सच्चाई को सामने लाती है।
जमीनी शोध पर टिकी कहानी
यह फिल्म पहलगाम आतंकी हमले के बाद की पृष्ठभूमि में तैयार की जा रही है और इसके लिए भारतीय सशस्त्र बलों की विभिन्न इकाइयों के सहयोग से गहन और जमीनी स्तर पर रिसर्च की गई है।
यह कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य शोर मचाना नहीं बल्कि तथ्यों, स्पष्टता और सिनेमा के माध्यम से सच्चाई को सामने लाना है।
डायरेक्शन और प्रोडक्शन पर क्या बोले मेकर्स
फिल्म का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ही करेंगे। उनका कहना है कि उनकी कोशिश रहेगी कि इस कहानी को पूरी सच्चाई और ईमानदारी के साथ बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया जाए। वहीं प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने कहा कि कुछ कहानियां हम नहीं चुनते, बल्कि वे हमें चुनती हैं। उनके मुताबिक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ एक ऐसी ही कहानी है, जिसे हिम्मत, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ बताना बेहद जरूरी है।
सिर्फ फिल्म नहीं, एक बड़ा खुलासा
भूषण कुमार के अनुसार यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण खुलासा है। उनका मानना है कि जब कोई देश इतनी बड़ी घटनाओं से गुजरता है, तो उन्हें सच्चाई के साथ दर्ज करना बेहद जरूरी हो जाता है।









