मासिक धर्म के दौरान महिलाओं को पेट या कमर में दर्द होना आम बात है, जिसे पीरियड क्रैम्प्स या पीरियड पेन कहा जाता है। हालांकि, कई बार यह दर्द सामान्य से बहुत ज्यादा होता है और इसे महिलाएं सिर्फ साधारण दर्द समझकर नजरअंदाज कर देती हैं। लेकिन यह दर्द एक गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है, जिसे एंडोमेट्रियोसिस कहा जाता है।
एंडोमेट्रियोसिस एक ऐसी स्थिति है जिसमें गर्भाशय के अंदर की परत जैसी कोशिकाएं गर्भाशय के बाहर बढ़ने लगती हैं। सामान्य पीरियड पेन कुछ समय बाद अपने आप या हल्की दवाओं से ठीक हो जाता है, लेकिन एंडोमेट्रियोसिस में होने वाला दर्द असहनीय होता है और यह रोजमर्रा के कामों को भी प्रभावित कर सकता है।
यदि किसी महिला को पीरियड्स के दौरान बहुत तेज ऐंठन, संभोग के समय दर्द, पेट के निचले हिस्से में लगातार जकड़न या पीरियड्स के अलावा भी अत्यधिक ब्लीडिंग और दर्द की समस्या रहती है, तो इसे सामान्य न समझें। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत किसी योग्य डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए ताकि समय पर सही इलाज शुरू हो सके।