भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली आज यानी 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं. 5 नवंबर 1988 को दिल्ली में जन्मे कोहली ने अपनी मेहनत, शानदार बल्लेबाजी और जबरदस्त फिटनेस के दम पर विश्व क्रिकेट में अलग पहचान बनाई है. उन्हें आधुनिक क्रिकेट के महानतम बल्लेबाजों में गिना जाता है.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट कोहली के नाम ऐसे कई रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिन्हें तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा. वनडे क्रिकेट में 50 से ज्यादा शतक लगाने वाले वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं. इसके अलावा उन्होंने भारतीय टीम को 2024 में टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी.
टी20 विश्व कप जीतने के बाद कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. इसके बाद मई 2025 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया. अब वह भारतीय टीम की जर्सी में सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते नजर आते हैं. आइए उनके 38वें जन्मदिन पर जानते हैं उनके कुछ खास रिकॉर्ड और उपलब्धियों के बारे में.

वनडे में सबसे तेज 15 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड
विराट कोहली के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 15,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने 27 सितंबर 2026 को वेस्टइंडीज के खिलाफ इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल किया था. कोहली ने महज 303 पारियों में यह आंकड़ा छुआ. वह महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बाद वनडे में 15 हजार रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने. कोहली वनडे क्रिकेट में 8 हजार से लेकर 15 हजार रन तक के सभी बड़े पड़ाव सबसे कम पारियों में हासिल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम रखते हैं.
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक
वनडे क्रिकेट में शतकों के मामले में विराट कोहली दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज हैं. वह अब तक इस प्रारूप में 55 शतक लगा चुके हैं. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 49 वनडे शतकों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. कोहली वनडे में 50 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे. अब वह 55 शतकों के साथ इस सूची में सबसे आगे हैं। उनके नाम वनडे क्रिकेट में 15 हजार से ज्यादा रन भी दर्ज हैं.
टी20 अंतरराष्ट्रीय में 38 अर्धशतक
विराट कोहली भले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन इस प्रारूप में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 125 मैचों की 117 पारियों में 4,188 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 38 अर्धशतक निकले. टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में कोहली दूसरे स्थान पर हैं. पाकिस्तान के बाबर आजम 39 अर्धशतकों के साथ उनसे आगे हैं.
विश्व कप के पहले ही मैच में जड़ा था शतक
विराट कोहली ने साल 2011 में अपना पहला वनडे विश्व कप खेला था. बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में ही उन्होंने शानदार शतक जड़ दिया था. इसके साथ ही वह वनडे विश्व कप के अपने पहले ही मैच में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने. कोहली ने 2023 वनडे विश्व कप में भी ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 765 रन बनाए और एक विश्व कप संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया.
कप्तान के तौर पर भी शानदार रहा सफर
विराट कोहली ने भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए भी कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं. उन्होंने तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों को मिलाकर 213 मुकाबलों में भारतीय टीम की अगुवाई की. उनकी कप्तानी में भारत ने विदेशी सरजमीं पर कई ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत दर्ज कीं. खास तौर पर ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीत भारतीय क्रिकेट के यादगार पलों में शामिल है, हालांकि, कोहली अपनी कप्तानी में कोई सीनियर आईसीसी विश्व खिताब नहीं जीत सके, लेकिन उन्होंने भारतीय टीम को आक्रामक क्रिकेट खेलने की नई पहचान दी.
2024 में विश्व विजेता बनकर लिया टी20 से संन्यास
विराट कोहली के करियर का एक यादगार पल 29 जून 2024 को आया, जब भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब जीता. फाइनल मुकाबले में कोहली ने 76 रनों की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इस ऐतिहासिक जीत के बाद उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया. इसके बाद मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया. विराट कोहली का करियर सिर्फ रनों और शतकों तक सीमित नहीं है। उनकी फिटनेस, अनुशासन, आक्रामकता और बड़े मुकाबलों में प्रदर्शन करने की क्षमता ने उन्हें दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में शामिल किया है. 38 साल की उम्र में भी उनका बल्ला लगातार रिकॉर्ड बना रहा है और क्रिकेट प्रशंसकों को उनसे आगे भी बड़ी पारियों की उम्मीद है.


