देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने फिल्म ‘हनुमान अंश‘ को राज्य में टैक्स फ्री कर दिया है। इस संबंध में महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग और उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद (UFDC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने राज्य कर आयुक्त को पत्र जारी किया है। सरकार के फैसले के मुताबिक, सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में फिल्म के प्रदर्शन पर लगने वाले राज्य वस्तु एवं सेवा कर (SGST) की प्रतिपूर्ति सरकार करेगी। यानी दर्शकों से इस हिस्से का SGST नहीं लिया जाएगा।
नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म
‘हनुमान अंश’ की कहानी लक्ष्मण दास के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है, जिन्हें बाद में नीम करौली बाबा के नाम से जाना गया। फिल्म में उनके जीवन में आए बदलाव और आध्यात्मिक सफर को दिखाया गया है। नीम करौली बाबा को मानने वाले लोगों के बीच फिल्म को लेकर खास रुचि देखने को मिली है।
विशाल चतुर्वेदी ने किया है निर्देशन
फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है, जबकि चंदन के. आनंद ने डॉ. राम नंदन भोसले का किरदार निभाया है। पूर्णिमा तिवारी और अनिल रस्तोगी भी फिल्म का हिस्सा हैं।
‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ को मिली लोकप्रियता
फिल्म के गानों ने भी दर्शकों के बीच इसकी पहचान बनाने में भूमिका निभाई है। ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ और ‘पार्वती’ जैसे गाने चर्चा में रहे हैं। ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ को 25 वर्षीय नेत्रहीन गायक सुनील लोधी ने अपनी आवाज दी है।
बॉक्स ऑफिस पर जारी है फिल्म की कमाई
‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर भी लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। 12 सितंबर तक फिल्म की दुनियाभर में सकल कमाई 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी थी। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 40वें दिन तक फिल्म ने भारत में करीब 231.13 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में करीब 291.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
कम बजट में बनी इस फिल्म की लगातार कमाई ने इसे चर्चा में बनाए रखा है। उत्तराखंड में टैक्स फ्री किए जाने के बाद राज्य में फिल्म देखने वाले दर्शकों को टिकट की कीमत पर SGST का लाभ मिलने की उम्मीद है।