उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (26 नवंबर) को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक में निहित है. कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत का अस्तित्व है या वही देश का वास्तविक संरक्षक है. इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया.
‘संविधान 145 करोड़ भारतवासियों का मार्गदर्शक’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत का संविधान हम सभी का गौरव और 145 करोड़ देशवासियों का मार्गदर्शक है. संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है. संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के उस विचार को ध्यान में रखा था, जिसके अनुसार भारत का राजनीतिक भविष्य देश के नागरिक स्वयं तय करेंगे. इसी भावना के साथ संविधान निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया.
सीएम योगी ने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया के उन विशिष्ट संविधानों में शामिल है, जिसने लागू होने के पहले दिन से ही जाति, क्षेत्र, भाषा और लैंगिक भेदभाव के बिना प्रत्येक वयस्क नागरिक को मतदान का अधिकार दिया. दुनिया के कई लोकतांत्रिक देशों में लंबे समय तक रंगभेद और लैंगिक भेदभाव के आधार पर नागरिकों को समान अधिकारों से वंचित रखा गया, लेकिन भारत ने शुरुआत से ही समानता के सिद्धांत को अपनाया.
‘लाल किताब लेकर लोगों को गुमराह कर रहा विपक्ष’
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ लोग संविधान की लाल पुस्तिका लेकर देशवासियों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं. यदि उन्होंने संविधान को पढ़ा होता तो शायद खुद को भारत की संप्रभुता का संरक्षक बताने का दुस्साहस नहीं करते.
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि जब इन लोगों को सत्ता में रहने का अवसर मिला, तब उन्होंने संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया। आजादी के बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की स्वतंत्रता को बाधित करने के उद्देश्य से किया गया था. इसके बाद भी राजनीतिक स्वार्थों के लिए समय-समय पर संविधान में संशोधन किए गए. उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए नागरिकों से ऐसे प्रयासों के प्रति सतर्क रहने की अपील की.
‘कांग्रेस ने बाबा साहेब को संसद पहुंचने से रोकने का प्रयास किया’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को कभी भारत रत्न नहीं लेने दिया. इतना ही नहीं, उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने और चुनाव हराने के लिए भी तमाम प्रयास किए गए.
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब आंबेडकर का नाम हटा दिया था. समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के पत्र लिखने के बाद वर्तमान प्रदेश सरकार ने दोबारा मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहेब के नाम पर किया. इसी तरह उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया.
महाराज सुहेलदेव और राजा महेंद्र प्रताप सिंह का किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि महाराज सुहेलदेव ने करीब एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं को मुंहतोड़ जवाब देकर भारत की रक्षा की थी, लेकिन पिछली सरकारों ने उनके सम्मान में कोई स्मारक नहीं बनवाया. प्रदेश में बीजेपी की डबल इंजन सरकार बनने के बाद बहराइच में महाराज सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनाया गया. बहराइच मेडिकल कॉलेज और आजमगढ़ में नए मेडिकल कॉलेज का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है.
मुख्यमंत्री ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1915 में अफगानिस्तान में भारत की अंतरिम सरकार का गठन किया था. उनके योगदान को सम्मान देने के लिए अलीगढ़ में उनके नाम पर राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया है.
‘भारतीय संविधान में सांस्कृतिक विरासत को मिला सम्मान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में पद का दायित्व संभालने के बाद संसद और संविधान को प्रणाम किया था। नए संसद भवन में भी संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया है.
उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के अयोध्या आगमन, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देने के साथ महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक के चित्र भी शामिल हैं. यह दर्शाता है कि संविधान निर्माताओं ने भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को विशेष महत्व दिया था.
संविधान निर्माण में उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान
सीएम योगी ने संविधान निर्माण में उत्तर प्रदेश की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान सभा में प्रदेश के सर्वाधिक 55 सदस्य थे। संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों में से छह उत्तर प्रदेश से थीं. सुचेता कृपलानी, पंडित गोविंद बल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य नरेंद्र देव जैसे मनीषियों ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा की स्थापना, अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने और संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन में सुविधाओं एवं कनेक्टिविटी के विस्तार को विरासत के सम्मान के साथ विकास आगे बढ़ाने का उदाहरण बताया.
‘कानून का राज ही विकास की गारंटी’
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग आज शिक्षा और विकास की बात करते हैं, उनके शासनकाल में विद्यालयों की स्थिति जर्जर थी. स्कूलों में न पर्याप्त भवन थे और न शिक्षक. परीक्षाओं में नकल, पेपर लीक और सरकारी नौकरियों के नाम पर वसूली जैसी समस्याएं आम थीं.
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि उस दौर में गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था, किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे, महिलाओं की सुरक्षा खतरे में थी और प्रदेश में माफिया एवं अपराधियों का दबदबा था. उन्होंने सवाल किया कि क्या कर्फ्यू और उपद्रव के माहौल में विकास के सपनों को साकार किया जा सकता है?
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले सार्वजनिक वितरण प्रणाली में खाद्यान्न घोटाले होते थे और गरीबों को राशन नहीं मिल पाता था। रोजगार, निवेश, बिजली, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को प्रदेश से पलायन करना पड़ता था. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने प्रभावी ढंग से कानून का शासन स्थापित करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
3,955 महापुरुषों के मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण का शुभारंभ
संविधान गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माउस का बटन दबाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण, विकास एवं साफ-सफाई कार्यों का शुभारंभ किया.
मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि प्रदेशभर में ऐसे कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं. योजना के अंतर्गत महापुरुषों की प्रतिमाओं, पार्कों और उनसे जुड़े स्थलों का विकास निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा. उन्होंने इस अभियान को बाबा साहेब आंबेडकर, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के विचारों एवं सामाजिक न्याय की भावना के प्रति सम्मान बताया.
‘संविधान की ताकत लोकतंत्र में और लोकतंत्र की ताकत संविधान में’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, समाज या राष्ट्र अपने महापुरुषों और सांस्कृतिक विरासत पर गौरव किए बिना अपने वर्तमान को गौरवशाली और भविष्य को उज्ज्वल नहीं बना सकता. संविधान की वास्तविक ताकत लोकतंत्र में और लोकतंत्र की ताकत संविधान में निहित है. विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन से ही शासन व्यवस्था प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सकती है. उन्होंने देशवासियों से संविधान के आदर्शों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ संविधान की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया.


