अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी संपन्न, 151 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे दूल्हे, आज घुड़दौड़ का फाइनल

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी संपन्न हो गई. शादी में 151 गाड़ियों के काफिले के साथ दूल्हे के पहुंचने की चर्चा रही, वहीं आज घुड़दौड़ का फाइनल होगा..
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी संपन्न

बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी बुधवार (25 नवंबर) को धूमधाम से संपन्न हो गई. अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में आयोजित इस भव्य विवाह समारोह में दूल्हे ऋषिकेश 151 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे. शादी की भव्यता देखने के लिए बिहार के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. लग्जरी गाड़ियों, हेलीकॉप्टर, भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुति और घुड़दौड़ प्रतियोगिता ने इस विवाह समारोह को खास बना दिया. वहीं, आज गुरुवार को घुड़दौड़ प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला होगा, जिसके विजेता को इनाम में महिंद्रा थार दी जाएगी.

एक-दूसरे के हुए शिवांगी और ऋषिकेश

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी पटना से सटे बिहटा के रहने वाले ऋषिकेश के साथ हुई है. बुधवार को दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और विवाह की रस्में पूरी कीं. दूल्हे ऋषिकेश लग्जरी डिफेंडर गाड़ी से विवाह स्थल पर पहुंचे, जबकि कई मेहमान हेलीकॉप्टर से शादी में शामिल होने आए. बेटी की शादी में अनंत सिंह भी अलग अंदाज में नजर आए. समारोह की भव्यता को उनके शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है.

भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने दी प्रस्तुति

शादी समारोह में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और गायक पवन सिंह ने भी अपनी प्रस्तुति दी. उन्हें देखने और सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. विवाह समारोह की भव्य तैयारियों और मनोरंजन के विशेष इंतजामों के चलते इस शादी की चर्चा मोकामा से लेकर पूरे बिहार में हो रही है.

10 किलोमीटर लंबा लगा जाम, मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित

शिवांगी और ऋषिकेश की शादी में शामिल होने के लिए नदवां गांव में इतनी भीड़ उमड़ी कि करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. भारी भीड़ के चलते मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ। दोपहर से ही भोजन स्थल पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं.

कई लोग पंडाल के पीछे से भोजन स्थल तक पहुंचने की कोशिश करते नजर आए. इस दौरान खाने की प्लेटों के लिए भी लोगों के बीच धक्का-मुक्की देखने को मिली. एक समय स्थिति ऐसी हो गई कि प्लेटें हवा में उछाली जाने लगीं और लोग उन्हें लेने के लिए टूट पड़े। भारी भीड़ को नियंत्रित करने में आयोजकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

हाईटेंशन टावर पर चढ़े लोग, रोकनी पड़ी घुड़दौड़

अनंत सिंह की बेटी की शादी के अवसर पर आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही. बुधवार को प्रतियोगिता देखने के लिए आयोजन स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई. रेस देखने के लिए कई लोग 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गए. किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए आयोजकों को सुरक्षा कारणों से फाइनल मुकाबला रोकना पड़ा.

घुड़दौड़ के बाद बड़ी संख्या में लोग एक साथ अनंत सिंह के आवास की ओर बढ़ने लगे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई.

आज होगा घुड़दौड़ का फाइनल, विजेता को मिलेगी थार

गुरुवार (26 नवंबर) को घुड़दौड़ प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आयोजित किया जाना है. इस प्रतियोगिता में जीत दर्ज करने वाले प्रतिभागी को पुरस्कार के तौर पर महिंद्रा थार गाड़ी दी जाएगी. बुधवार को सुरक्षा कारणों से मुकाबला स्थगित होने के बाद अब सभी की निगाहें फाइनल रेस और उसके विजेता पर टिकी हैं.

संबंधित खबरें

अनंत सिंह की बेटी की शादी में बड़ा हादसा, घुड़दौड़ देखने आए शख्स की मौत, भारी भीड़ के बीच बिगड़ी व्यवस्था

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी संपन्न, 151 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे दूल्हे, आज घुड़दौड़ का फाइनल

रोहतक में खूनी गैंगवार की आशंका, मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग में चार युवकों की मौत, हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी

बाहुबली आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, रिहाई का आदेश रद्द

भारत समेत 14 व्यापारिक साझेदारों पर नए टैरिफ की तैयारी में ट्रंप

Recommended Stories

अनंत सिंह की बेटी की शादी में बड़ा हादसा, घुड़दौड़ देखने आए शख्स की मौत, भारी भीड़ के बीच बिगड़ी व्यवस्था

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी संपन्न, 151 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे दूल्हे, आज घुड़दौड़ का फाइनल

रोहतक में खूनी गैंगवार की आशंका, मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग में चार युवकों की मौत, हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी

बाहुबली आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, रिहाई का आदेश रद्द

भारत समेत 14 व्यापारिक साझेदारों पर नए टैरिफ की तैयारी में ट्रंप