गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, डिलीवरी बॉय समेत दो घायल

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार रात एक पुलिस चौकी के अंदर हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
गाजियाबाद
गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार रात एक पुलिस चौकी के अंदर हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए इस विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और एसी भी क्षतिग्रस्त हो गया. धमाके से इमारत की दीवार में दरार आने की भी जानकारी सामने आई है. घटना के दौरान चौकी में मौजूद एक डिलीवरी बॉय और पुलिसकर्मी घायल हो गए.

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच यह घटना हुई. धमाके के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल मौजूद थे. बताया जा रहा है कि विशाल वहां सामान पहुंचाने आया था. विस्फोट के बाद टूटे शीशों के टुकड़े लगने से वह घायल हो गया. उसे उपचार के लिए दिल्ली के सूर्य नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

धमाके के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और जांच टीमें

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद फॉरेंसिक विशेषज्ञों और बम निरोधक दस्ते ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. टीमों ने चौकी के अंदर और आसपास से साक्ष्य जुटाए, ताकि धमाके की असली वजह का पता लगाया जा सके. शुरुआती जांच में विस्फोटक सामग्री की भूमिका समेत कई संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है.

ACP ने कहा- जांच के बाद ही पता चलेगी धमाके की वजह

मामले को लेकर इंदिरापुरम के ACP सूर्यबली मौर्य ने बताया कि फिलहाल धमाका किस वजह से हुआ, इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा, “धमाका किस चीज़ से हुआ, यह जांच के बाद ही पता चलेगा. वसुंधरा पुलिस चौकी का एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय, जो कोई सामान छोड़ने आया था, मौके पर मौजूद थे. टूटे हुए कांच से डिलीवरी बॉय को चोटें आईं.” पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.

एलिवेटेड रोड से विस्फोटक सामग्री फेंके जाने का शक

पुलिस सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, वसुंधरा पुलिस चौकी एलिवेटेड रोड के नीचे स्थित है. आशंका जताई जा रही है कि सड़क के ऊपर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने विस्फोटक सामग्री नीचे फेंकी, जिसके कारण चौकी में जोरदार धमाका हुआ. पुलिस एलिवेटेड रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के पीछे किसी व्यक्ति की भूमिका का पता लगाया जा सके.

जब्त पटाखों में विस्फोट की आशंका पर भी चर्चा

इस घटना को लेकर एक दूसरी आशंका भी सामने आई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी के पास मौजूद एक कमरे का इस्तेमाल एलिवेटेड रोड के कंट्रोल रूम के तौर पर किया जाता है. बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी इलाके में अवैध रूप से बेचे जा रहे पटाखों को जब्त कर इसी कमरे में रखते थे. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कमरे में रखे पटाखों में विस्फोट हुआ हो सकता है.

हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने पटाखों में धमाका होने की बात से इनकार किया है. फिलहाल पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते की जांच जारी है. जांच पूरी होने और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए इस जोरदार धमाके की असली वजह क्या थी.

संबंधित खबरें

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, डिलीवरी बॉय समेत दो घायल

CBSE Board Exam 2027: 16 फरवरी से शुरू होंगी 10वीं-12वीं की परीक्षाएं, जारी हुई डेटशीट

दिवाली पर रात 10 बजे तक चलेगी दिल्ली मेट्रो, DMRC ने बदला शेड्यूल

लालू-तेजस्वी को बेटी की शादी का कार्ड देने जाएंगे अनंत सिंह, बोले- शादी के बाद विधानसभा को दूंगा जवाब

साकेत मेट्रो स्टेशन के पास KIA शोरूम में लगी आग, इलाके में मचा हड़कंप

Recommended Stories

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, डिलीवरी बॉय समेत दो घायल

CBSE Board Exam 2027: 16 फरवरी से शुरू होंगी 10वीं-12वीं की परीक्षाएं, जारी हुई डेटशीट

दिवाली पर रात 10 बजे तक चलेगी दिल्ली मेट्रो, DMRC ने बदला शेड्यूल

लालू-तेजस्वी को बेटी की शादी का कार्ड देने जाएंगे अनंत सिंह, बोले- शादी के बाद विधानसभा को दूंगा जवाब

साकेत मेट्रो स्टेशन के पास KIA शोरूम में लगी आग, इलाके में मचा हड़कंप