उत्तर प्रदेश के आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन के दौरान एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसे लेकर चर्चा तेज हो गई है. सम्मेलन में बौद्ध वंदना के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत मंच पर मौजूद तमाम वरिष्ठ नेता सम्मान में खड़े हुए, लेकिन रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी अपनी जगह पर बैठे रहे. सांसद के इस व्यवहार को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं.
बौद्ध वंदना के दौरान बैठे रहे सपा सांसद
दरअसल, आगरा के जीआईसी मैदान में समाजवादी पार्टी की ओर से विशाल दलित महासम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई बड़े नेता शामिल हुए. अखिलेश यादव के पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. कार्यक्रम की शुरुआत में अखिलेश यादव ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद जब बौद्ध वंदना शुरू हुई तो अखिलेश यादव, प्रोफेसर रामगोपाल यादव और मंच पर मौजूद अन्य नेता अपनी जगह से खड़े हो गए. हालांकि, इस दौरान रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी अपनी कुर्सी पर बैठे रहे. मंच पर मौजूद अन्य नेताओं के खड़े होने के बावजूद नदवी के बैठे रहने की घटना अब चर्चा का विषय बन गई है.
PDA सम्मेलन में सांसद के व्यवहार पर उठे सवाल
समाजवादी पार्टी अपने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक फॉर्मूले के जरिए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण मजबूत करने में जुटी है. इसी रणनीति के तहत आगरा में दलित महासम्मेलन का आयोजन किया गया. हालांकि, दलित समाज को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन में बौद्ध वंदना के दौरान सपा सांसद के खड़े नहीं होने को लेकर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मोहिबुल्लाह नदवी किस वजह से अपनी जगह पर बैठे रहे.
कई राजनीतिक दलों के नेता भी हुए शामिल
आगरा में आयोजित इस महासम्मेलन में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई राजनीतिक चेहरे भी शामिल हुए. आजाद समाज पार्टी और कांग्रेस से जुड़े नेताओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया. सपा के इस सम्मेलन को दलित समाज के बीच पार्टी की राजनीतिक पहुंच मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, सम्मेलन के दौरान मोहिबुल्लाह नदवी के बैठे रहने का मामला अब सुर्खियों में है. इस घटनाक्रम को लेकर सांसद नदवी या समाजवादी पार्टी की ओर से कोई स्पष्टीकरण सामने आने की जानकारी नहीं है.


