लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के महापर्व छठ की धूम इस साल भी देशभर में देखने को मिल रही है. बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्सों में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है. चार दिवसीय इस महापर्व के तीसरे दिन रविवार को लाखों छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. वहीं, इस पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई दिग्गज नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं.
इस बार छठ महापर्व की भव्यता केवल भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि अमेरिका, यूरोप और एशिया के कई देशों में भी छठी मैया की आराधना करते श्रद्धालुओं की तस्वीरें सामने आई हैं. देश से लेकर विदेश तक छठ के गीतों और सूर्यदेव की उपासना से वातावरण भक्तिमय नजर आया.
पीएम मोदी ने दी संध्या अर्घ्य की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से देशवासियों को संध्या अर्घ्य की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने इस पर्व को प्रकृति-पूजन का पावन अवसर बताते हुए समाज में सद्भाव और समरसता बढ़ने की कामना की.
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “सभी देशवासियों को महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य की अनेकानेक शुभकामनाएं, प्रकृति-पूजन को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के लिए नई चेतना और स्फूर्ति लेकर आए, साथ ही समाज में सद्भाव एवं समरसता को और अधिक प्रगाढ़ करे. सूर्यदेव की कृपा से सभी का जीवन आलोकित हो. जय छठी मइया!” प्रधानमंत्री ने छठ महापर्व के माध्यम से प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया.
राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने भी दी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छठ महापर्व के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रकृति संरक्षण और नदियों की स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने इस पर्व के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया. वहीं, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने वाला पर्व बताया.
सीएम योगी ने भोजपुरी अंदाज में दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ महापर्व के अवसर पर भोजपुरी अंदाज में वीडियो संदेश जारी कर प्रदेशवासियों और देशभर के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने छठ को प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला महापर्व बताया.
सीएम योगी ने कहा कि श्रद्धा, पवित्रता और अनुशासन ही छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता है. यह ऐसा अनूठा पर्व है, जिसमें उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य को भी अर्घ्य देने की परंपरा है. माताएं और बहनें कठिन निर्जला व्रत रखकर अपने परिवार और समाज के मंगल की कामना करती हैं. मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “मातृशक्ति छठ महापर्व की सबसे बड़ी शक्ति है, छठ महापर्व संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है.” उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में हर व्यक्ति को अपनी आस्था और परंपराओं के अनुरूप त्योहार मनाने की व्यवस्था दी गई है. आज देश-दुनिया के हर कोने में छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं.
सीएम योगी ने अपने संदेश में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता का भी जिक्र किया. उन्होंने कामना की कि हर मां-बहन का जीवन सुखमय हो, हर बेटी को सुरक्षा मिले, हर परिवार में खुशहाली आए, किसानों के खेत लहलहाते रहें, नौजवानों को रोजगार मिले और उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए.
गृह मंत्री अमित शाह बोले- श्रद्धा और समर्पण का महापर्व है छठ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने छठ को श्रद्धा, समर्पण और सूर्य उपासना का पावन पर्व बताते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.
अमित शाह ने लिखा, “श्रद्धा और समर्पण के महापर्व छठ की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं, सूर्य उपासना और लोक आस्था का यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति और आरोग्य लेकर आए. छठी मैया की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे.”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया छठी मैया का स्मरण
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने छठ महापर्व को आस्था, पवित्रता और अटूट भक्ति का पर्व बताया. उन्होंने कहा कि यह महापर्व सूर्यदेव की पूजा और छठी मैया की आराधना को समर्पित है, जिसकी शुरुआत नहाय-खाय के पवित्र अनुष्ठान से होती है. राजनाथ सिंह ने छठ का कठिन व्रत रखने वाले सभी श्रद्धालुओं को नमन करते हुए कामना की कि सूर्यदेव और छठी मैया के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य आए.
सम्राट चौधरी बोले- लोकल से ग्लोबल बन गया छठ महापर्व
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी छठ महापर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों और देश-दुनिया के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा छठ महापर्व आज पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुका है.मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा का त्योहार आज लोकल से ग्लोबल बन चुका है, पूरा देश छठमय हो चुका है, यूरोप, अमेरिका और एशिया सहित दुनिया के कोने-कोने से मनमोहक दृश्य सामने आ रहे हैं.”
उन्होंने बताया कि छठ पूजा के अवसर पर बिहार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार की ओर से विशेष प्रयास किए गए हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए घाटों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बताया स्वच्छता और अनुशासन का पर्व
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि पवित्र स्नान और पारंपरिक सात्विक भोजन की तैयारी के साथ शुरू होने वाला यह चार दिवसीय महापर्व स्वच्छता, पवित्रता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण है.
नितिन नवीन ने कहा कि छठ महापर्व सूर्यदेव और प्रकृति के प्रति हमारी गहरी आस्था को दर्शाता है. वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बिप्लब कुमार देब ने भी देशवासियों को छठ की बधाई देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की. उन्होंने कहा कि छठी मैया का आशीर्वाद सभी के जीवन में खुशहाली और कल्याण लेकर आए. इसके अलावा सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और राज्यपाल ने भी छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं.
नितिन नवीन के आवास पर खरना, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ग्रहण किया प्रसाद
छठ महापर्व के अवसर पर बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना स्थित 3, टेलर रोड आवास पर पारंपरिक विधि-विधान के साथ खरना का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल सय्यद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनके आवास पर पहुंचकर खरना का प्रसाद ग्रहण किया. इस दौरान छठ महापर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली.
नीतीश कुमार के आवास पर भी हुआ खरना का आयोजन
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर भी छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला. उनके परिवार की महिलाओं, जिनमें उनकी भाभी और बहनें शामिल हैं, ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ छठ महापर्व के अनुष्ठान किए. खरना के अवसर पर आवास पर पारंपरिक तरीके से प्रसाद तैयार किया गया. परिवार के सदस्यों ने पूजा-अर्चना कर छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
प्रशांत किशोर ने किया बांकीपुर के छठ घाटों का दौरा
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे. उन्होंने पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का दौरा किया और छठ व्रतियों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें महापर्व की शुभकामनाएं दीं.
प्रशांत किशोर ने कच्ची तालाब, राजेंद्र कृषि फार्म तालाब, कृषि भवन घाट, बुद्ध मूर्ति, भंवर पोखर पार्क, गोलघर घाट, बुद्धा घाट और पंचमुखी मंदिर घाट समेत कई स्थानों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और छठ पूजा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
पटना में आस्था का जनसैलाब
छठ महापर्व के तीसरे दिन पटना समेत पूरे बिहार में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए लाखों श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे. पटना के 90 गंगा घाटों और 62 स्थायी-अस्थायी घाटों पर प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गईं. अनुमान के मुताबिक, पटना के विभिन्न छठ घाटों पर 12 से 13 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई थी. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और गोताखोरों की तैनाती की गई है. घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा समेत अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं. बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला. जगह-जगह छठ घाटों पर पारंपरिक गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया.
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा महापर्व का समापन
चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी. इसके बाद 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान किया गया. रविवार, 15 नवंबर को श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया. अब सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा.
छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान, मातृशक्ति के त्याग, सामाजिक एकता और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है. इस साल भी देश से लेकर विदेश तक छठ महापर्व की भव्यता ने यह संदेश दिया है कि भारतीय संस्कृति और लोक आस्था की जड़ें लगातार मजबूत हो रही हैं.


