दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में लोक आस्था का महापर्व छठ धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के तीसरे दिन रविवार (15 नवंबर) को लाखों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया. राजधानी दिल्ली में यमुना किनारे और विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. छठ गीतों और भगवान भास्कर की आराधना से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.
ITO के छठ घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
राजधानी दिल्ली में छठ महापर्व की भव्यता आईटीओ स्थित छठ घाट पर देखने को मिली. यहां करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को गंगाजल से अर्घ्य देकर भगवान भास्कर की आराधना की. बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग पूजा सामग्री के साथ घाट पर पहुंचे. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ सूर्यदेव की उपासना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा.
दिल्ली में बनाए गए 1400 से अधिक छठ घाट
इस वर्ष दिल्ली में छठ पूजा के लिए 1400 से अधिक घाट तैयार किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो. राजधानी के विभिन्न इलाकों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु फल, फूल, ठेकुआ और पूजा सामग्री से सजे सूप लेकर घाटों पर पहुंचे.
धार्मिक मान्यता के अनुसार, संध्या अर्घ्य देने और सूर्यदेव की आराधना करने से जीवन में सुख-समृद्धि, यश और वैभव की प्राप्ति होती है. छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परिवार के कल्याण की कामना का भी प्रतीक है.
दंडवत होकर छठ घाट पहुंचे व्रती
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की गहरी आस्था भी देखने को मिली. कई छठ व्रती अपने घरों से घाट तक दंडवत प्रणाम करते हुए पहुंचे. इस दौरान आसपास मौजूद श्रद्धालु व्रतियों को स्पर्श कर प्रणाम करते नजर आए. अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रती अपने पूरे परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे. पारंपरिक छठ गीतों और पूजा-अर्चना के बीच घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला.
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा महापर्व का समापन
सोमवार (16 नवंबर) की सुबह छठ व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे. इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया जाएगा। इसी के साथ नहाय-खाय से शुरू हुए चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा.


