गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है, हरियाणा के मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल हैरी बॉक्सर को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है. हरियाणा STF के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियों ने उसे कैलिफोर्निया में हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार किया है. आरोप है कि वह विदेश में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की आपराधिक गतिविधियों और रंगदारी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था. उसकी गिरफ्तारी को भारतीय एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.
हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में भी सामने आया था. बताया जाता है कि इस घटना के बाद उसने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश के जरिए फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. इसके साथ ही बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकियां देने के मामले में भी उसका नाम चर्चा में रहा है.
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के बाद दी थी बॉलीवुड को धमकी
हैरी बॉक्सर वही गैंगस्टर है, जिसका नाम मुंबई में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी के बाद सामने आया था. घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और कथित ऑडियो संदेश के जरिए फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था. इस संदेश में बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकी भी दी गई थी.
इसके अलावा कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग और अभिनेता रणवीर सिंह तथा तुषार कपूर समेत फिल्म इंडस्ट्री की हस्तियों को धमकी देने के मामलों में भी हैरी बॉक्सर का नाम सामने आया है. हालांकि, इन सभी मामलों में उसकी भूमिका की पुष्टि संबंधित जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर ही होगी.
कौन है हैरी बॉक्सर?
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट बताया जाता है। वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है. उसका संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया जाता है और वह इस नेटवर्क का सक्रिय सदस्य माना जाता है. बताया जाता है कि जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी थी. इसी वजह से उसे हैरी बॉक्सर के नाम से पहचान मिली. अपराध की दुनिया में आने से पहले उसने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम किया. बाद में वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया.
हत्या से लेकर रंगदारी तक कई मामलों में है नाम
हैरी बॉक्सर के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, मारपीट, फायरिंग और कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी है. दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी उसका नाम कई मामलों की जांच में सामने आया है. जांच एजेंसियों को संदेह है कि वह विदेश में रहकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रंगदारी नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहा था. विदेश में बैठकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने और भारत में अपने नेटवर्क के जरिए धमकियां पहुंचाने के आरोप भी उससे जुड़े रहे हैं.
भारत लाने की तैयारी में जुटीं जांच एजेंसियां
हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी के बाद अब भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं. बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा STF के इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने कार्रवाई की है. भारत लाने की प्रक्रिया में नोडल एजेंसी CBI की भूमिका भी अहम हो सकती है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क से जुड़े खुल सकते हैं कई राज
हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अगर उसे भारत लाकर पूछताछ की जाती है, तो गैंग के विदेश में मौजूद सहयोगियों, रंगदारी के नेटवर्क, हथियारों की व्यवस्था और भारत में हुई आपराधिक घटनाओं से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं.
जांच एजेंसियां उससे जुड़े मामलों में उसकी भूमिका और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ उसके संपर्कों की पड़ताल कर सकती हैं. हालांकि, पूछताछ और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हैरी बॉक्सर किन-किन वारदातों में सीधे तौर पर शामिल था.


